नई दिल्ली. चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति से जुड़े 2023 के कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के बीच सुप्रीम कोर्ट ने रिकॉल अर्जी को लेकर अहम रुख अपनाया है. शुक्रवार को चीफ जस्टिस सूर्यकांत की पीठ ने वकील प्रशांत भूषण की उस मांग को स्वीकार नहीं किया, जिसमें उन्होंने अर्जी को तत्काल उसी दो जजों की पीठ के सामने लगाने की अपील की थी, जिसने मामले को संविधान पीठ के पास भेजने का रास्ता खोला था.चीफ जस्टिस ने स्पष्ट किया कि रिकॉल अर्जी पर पांच जजों की संविधान पीठ के सामने भी सुनवाई हो सकती है. संबंधित जज के रिटायर होने से इस प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा.
क्या है पूरा विवाद?
मामला मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा की शर्तें और कार्यकाल) अधिनियम, 2023 से जुड़ा है. इस कानून के तहत चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति करने वाली चयन समिति से भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) को हटाकर उनकी जगह एक केंद्रीय मंत्री को शामिल किया गया है. इससे पहले 2023 में अनूप बरनवाल मामले में सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की संविधान पीठ ने व्यवस्था दी थी कि संसद द्वारा कानून बनाए जाने तक चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और सीजेआई की समिति की सलाह पर की जाएगी.
23 सितंबर को जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने इस कानून से जुड़े मामले पर अलग-अलग राय दी थी. जस्टिस दत्ता ने मामले को संविधान पीठ के पास भेजने की केंद्र की मांग खारिज की, जबकि जस्टिस शर्मा ने इसे संविधान पीठ के विचार के लिए उपयुक्त माना. हालांकि, दोनों न्यायाधीश इस बात पर सहमत थे कि मामला उचित पीठ गठित करने के लिए सीजेआई के पास भेजा जाए.
क्यों दायर की गई रिकॉल अर्जी?
वकील प्रशांत भूषण ने रिकॉल अर्जी में जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा को लेकर हितों के टकराव की आशंका जताई है. उनका तर्क है कि जस्टिस शर्मा के बेटे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में चुनाव आयोग के स्थायी वकील हैं. भूषण का कहना है कि यदि जस्टिस शर्मा ने मामले को संविधान पीठ के पास भेजने की राय नहीं दी होती, तो यह प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ती. उन्होंने यह भी आग्रह किया कि जस्टिस शर्मा अगले सप्ताह के अंत में रिटायर होने वाले हैं, इसलिए रिकॉल अर्जी पर सुनवाई अगले सप्ताह ही कराई जाए.
सीजेआई ने क्या दिया जवाब?
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि प्रशांत भूषण अपनी आपत्तियां पांच जजों की संविधान पीठ के सामने रख सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी भूमिका केवल मामले की सुनवाई के लिए उपयुक्त पीठ गठित करने तक सीमित थी. पीठ में शामिल जस्टिस जॉयमाल्या बागची ने भी कहा कि संविधान पीठ रेफरेंस की वैधता पर विचार कर सकती है. सीजेआई ने यह भी स्पष्ट किया कि संबंधित जज के रिटायर होने के बाद भी रिकॉल अर्जी पर विचार करने में कोई बाधा नहीं है. हालांकि, प्रशांत भूषण ने इस पर फिर आपत्ति जताते हुए कहा कि तब तक संबंधित जज रिटायर हो चुके होंगे.
पहले भी खारिज हो चुकी है कानून पर रोक की मांग
इस मामले में मार्च 2024 में सुप्रीम कोर्ट ने कानून पर अंतरिम रोक लगाने से इनकार कर दिया था. सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने दलील दी थी कि चयन समिति में प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्री की संख्या अधिक होने भर से यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि नियुक्तियां बदनीयती से की जाएंगी. कानून को चुनौती देने वाली याचिकाओं में मुख्य रूप से इसकी धारा 7 और 8 पर सवाल उठाए गए हैं. अब विवाद का अहम पहलू यह है कि रिकॉल अर्जी और संविधान पीठ के समक्ष रेफरेंस की वैधता पर क्या रुख सामने आता है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

