जबलपुर. तिलवारा रोड स्थित संग्राम सागर पार्क (बाजनामठ) के पास नाबालिगों के एक गुट ने कोचिंग छात्र अम्मू तिवारी पर चाकू और बेल्ट से हमला कर दिया. हमले में छात्र के पैर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं. उसे उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना में करीब 15 से 16 नाबालिगों के शामिल होने की बात सामने आई है. हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
बताया जा रहा है कि हमलावर और घायल छात्र एक-दूसरे के परिचित हैं. आरोप है कि बिना किसी पुराने विवाद के आरोपियों ने छात्र को घेरकर हमला किया और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए.
सूचना मिलने पर तिलवारा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल छात्र के बयान दर्ज किए. पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है. घटना ने शहर में नाबालिगों के बीच बढ़ती हिंसक घटनाओं को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

