जबलपुर. गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस काशी एक्सप्रेस (15018) में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों के टिकट जांचने और उन्हें धमकाने वाले एक व्यक्ति को आरपीएफ ने पकड़ लिया. आरोपी यात्रियों को अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी देकर दबाव बना रहा था. आरपीएफ की सतर्कता से यात्रियों को संभावित ठगी से बचा लिया गया.
घटना 19-20 नवंबर की दरमियानी रात करीब 2:10 बजे की है. जबलपुर से इटारसी तक एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ टीम को पिपरिया स्टेशन के पास सूचना मिली कि ट्रेन के सेकेंड जनरल कोच में एक व्यक्ति खुद को टीटीई बताकर यात्रियों के टिकट चेक कर रहा है. सूचना पर हेड कांस्टेबल राजवीर और कांस्टेबल मुकेश कुमार मौके पर पहुंचे और संदिग्ध को पकड़ लिया.
पूछताछ में उसकी पहचान अनिल कुमार महोबिया के रूप में हुई. उसने बताया कि वह करेली स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था. जांच में उसके पास रेलवे का कोई विभागीय पहचान पत्र या ड्यूटी से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिला.
यात्रियों ने आरपीएफ को बताया कि आरोपी उन्हें नींद से जगाकर टिकट मांग रहा था. टिकट नहीं दिखाने पर अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी देकर उन्हें डराया जा रहा था. इस तरह वह रेलवे कर्मचारी बनकर यात्रियों पर दबाव बना रहा था.
आरपीएफ ने मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी. इटारसी में आरपीएफ पोस्ट और जीआरपी को अवगत कराने के बाद क्षेत्राधिकार के आधार पर आरोपी को अधिकारियों के निर्देश पर जीआरपी थाना गाडरवारा के सुपुर्द कर दिया गया. आरोपी नरसिंहपुर जिले के बरमान कलां स्थित शारदा कॉलोनी का निवासी बताया गया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

