जबलपुर. यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे स्टेशनों पर बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए जबलपुर रेल मंडल ने वाणिज्यिक एवं खानपान इकाइयों के खिलाफ सघन निरीक्षण अभियान शुरू किया है. अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने पर जबलपुर, पिपरिया और कटनी रेलवे स्टेशन की एक-एक इकाई को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता के निर्देशन में नवागत सहायक वाणिज्य प्रबंधक वासुदेव सरकार ने वाणिज्य विभाग की टीम के साथ जबलपुर रेलवे स्टेशन पर खानपान एवं अन्य वाणिज्यिक इकाइयों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की जांच की गई. अनियमितताएं मिलने पर एक नॉन-फेयर रेवेन्यू (NFR) इकाई को बंद कराया गया.
इसी तरह पिपरिया और कटनी रेलवे स्टेशन पर भी निरीक्षण के दौरान एक-एक खानपान इकाई में अनियमितताएं मिलने पर उन्हें बंद करने की कार्रवाई की गई. इस तरह तीन इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
अग्निशमन उपकरणों और बिजली की वायरिंग की जांच
निरीक्षण अभियान में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता, विद्युत वायरिंग की स्थिति, खुले बिजली के तार और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को प्रमुखता से जांचा जा रहा है. संबंधित इकाइयों को सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं.
एक सप्ताह में सभी इकाइयों का निरीक्षण
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता ने वाणिज्य निरीक्षकों और सुपरवाइजरों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र की सभी वाणिज्यिक इकाइयों का अगले एक सप्ताह में गहन निरीक्षण पूरा करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया है कि अग्नि सुरक्षा, विद्युत सुरक्षा या अन्य गंभीर अनियमितता मिलने पर संबंधित इकाई को तत्काल बंद कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
अभियान में खानपान स्टॉल, कैटरिंग यूनिट, फूड प्लाजा, जन आहार, NFR इकाइयों, ROMT, पार्सल कार्यालय सहित अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों को शामिल किया गया है. मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

