बाराबंकी. उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एंबुलेंस सवार पांच लोगों की मौत हो गई. लखनऊ से गाजीपुर जा रही एंबुलेंस सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरावां गांव के पास 53.3वें किलोमीटर पर खड़ी पिकअप से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस में सवार सभी पांच लोगों की जान चली गई.
सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे एक राहगीर ने हादसे की सूचना डायल 112 पर दी. सूचना मिलते ही पुलिस और एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची. एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी पांचों को मृत घोषित कर दिया.
जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी एंबुलेंस
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एंबुलेंस में सवार लोग जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रहे थे. हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के पीपल खेड़ा निवासी हरिओम योगी, पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के मध्य बाला भूत निवासी अमीनूर हक, सुकनस पुकानगंज निवासी रूपिक और जयपुर की जवाहर नगर कच्ची बस्ती निवासी मकबूल खान के रूप में हुई है. पांचवें मृतक की पहचान एंबुलेंस चालक आलम के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले के सुल्तानगंज क्षेत्र का रहने वाला था.
सुबेहा थाना प्रभारी बेचू सिंह ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है. प्रभारी पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी और सीओ हैदरगढ़ समीर सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस के मुताबिक, मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

