सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला - अपने ही हथियार या साथी की गोली से घायल जवान भी पाएंगे ‘वॉर इंजरी पेंशन’

सुप्रीम कोर्ट का अहम फैसला - अपने ही हथियार या साथी की गोली से घायल जवान भी पाएंगे ‘वॉर इंजरी पेंशन’

प्रेषित समय :12:31:26 PM / Sat, Nov 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. सुप्रीम कोर्ट ने सैन्यकर्मियों की युद्ध चोट पेंशन को लेकर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि ‘वॉर इंजरी एलिमेंट’ पेंशन पाने के लिए सैनिक का दुश्मन की गोली से घायल होना अनिवार्य नहीं है. सैन्य अभियान के दौरान अपने ही हथियार से अनजाने में गोली चलने या साथी सैनिकों की फायरिंग में घायल होने वाले जवान भी इस बढ़ी हुई पेंशन के हकदार हो सकते हैं.

जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा और जस्टिस एनके सिंह की पीठ ने कहा कि यदि सैनिक निर्धारित सैन्य आदेशों के दायरे में आने वाले अभियान के दौरान घायल होता है, तो उसे ‘वुंडेड बैटल कैजुअल्टी’ यानी युद्ध के दौरान घायल सैनिक की श्रेणी में रखा जा सकता है.

दो परिस्थितियों में मिलेगा पेंशन का लाभ

अदालत के मुताबिक, सेना की नीति में ऐसी दो परिस्थितियों को मान्यता दी गई है. पहली, गोली या उसके टुकड़े से अनजाने में लगी चोट और दूसरी, अपने ही सैनिकों की फायरिंग से घायल होना. हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि घटना दुश्मन या उग्रवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे सैन्य अभियान के दौरान हुई हो. पीठ ने कहा कि सर्विस हथियार से गलती से गोली चलने के पीछे किसी को नुकसान पहुंचाने की मंशा होना जरूरी नहीं है. अचानक झटका लगने, गिरने, ट्रिगर किसी वस्तु में फंसने, अनजाने में ट्रिगर दबने या तकनीकी खराबी के कारण भी गोली चल सकती है.

जानबूझकर खुद को घायल करने से अलग मानी जाएगी दुर्घटना

सुप्रीम कोर्ट ने अनजाने में हुई ऐसी घटनाओं को जानबूझकर खुद को चोट पहुंचाने यानी ‘सेल्फ-इन्फ्लिक्टेड इंजरी’ से अलग माना है. अदालत ने स्पष्ट किया कि दुर्घटनावश लगी चोट के आधार पर किसी सैनिक को युद्ध चोट पेंशन के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता.

ऑपरेशन रक्षक के दौरान घायल हुए थे देवी सिंह

यह फैसला सूबेदार मेजर और मानद लेफ्टिनेंट देवी सिंह की याचिका पर सुनवाई के दौरान आया. अगस्त 2002 में जम्मू-कश्मीर में ऑपरेशन रक्षक या ऑपरेशन पराक्रम के दौरान उनके सर्विस हथियार से गलती से गोली चल गई थी. गोली उनकी जांघ के आर-पार निकल गई, जिससे फीमोरल नस को नुकसान पहुंचा और उन्हें 40 प्रतिशत विकलांगता हो गई. देवी सिंह को सामान्य विकलांगता पेंशन यानी ‘डिसेबिलिटी एलिमेंट’ का लाभ तो दिया गया, लेकिन युद्ध चोट के आधार पर मिलने वाली अतिरिक्त पेंशन देने से इनकार कर दिया गया था. उनकी अपील आर्म्ड फोर्सेज ट्रिब्यूनल ने भी खारिज कर दी थी.

ट्रिब्यूनल का फैसला पलटा

सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिब्यूनल के फैसले को पलटते हुए देवी सिंह को ‘वॉर इंजरी एलिमेंट’ पेंशन का पात्र माना. अदालत ने स्पष्ट किया कि सैन्य अभियान के दौरान अपने ही हथियार से अनजाने में गोली चलने की घटना को भी निर्धारित सैन्य नियमों के तहत युद्ध के दौरान लगी चोट माना जा सकता है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-