जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के कोटा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म-2 पर पुनर्विकास कार्य के तहत 23 नवंबर से 7 दिसंबर 2026 तक 15 दिन का ब्लॉक लिया जाएगा. इस दौरान प्लेटफॉर्म-2 पर ट्रेनों का संचालन बंद रहेगा. इसके चलते दयोदय एक्सप्रेस सहित चार ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए गए हैं, जबकि चार ट्रेनों के प्रारंभिक और अंतिम स्टेशन में अस्थायी बदलाव किया गया है.
यात्रियों की सुविधा और रेल परिचालन सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ ट्रेनों को कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन से संचालित किया जाएगा. वहीं, परिवर्तित मार्ग से चलने वाली चार ट्रेनों को सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव भी दिया गया है.
सोगरिया स्टेशन पर समाप्त और प्रारंभ होंगी ट्रेनें
गाड़ी संख्या 19812 इटावा–कोटा एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक तथा गाड़ी संख्या 22984 इंदौर–कोटा एक्सप्रेस और 61634 बीना–कोटा मेमू 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक कोटा के बजाय सोगरिया स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेंगी.
इसी तरह, गाड़ी संख्या 61633 कोटा–बीना मेमू 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक कोटा के स्थान पर सोगरिया स्टेशन से रवाना होगी. सोगरिया से इस ट्रेन का प्रस्थान समय दोपहर 3:20 बजे निर्धारित किया गया है.
चार एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग बदलेंगे
ब्लॉक के दौरान गाड़ी संख्या 14814 भोपाल–जोधपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक और 12181 जबलपुर–अजमेर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 6 दिसंबर तक सोगरिया–चम्बल केबिन–गुरला परिवर्तित मार्ग से चलेंगी.
वहीं, गाड़ी संख्या 14813 जोधपुर–भोपाल एक्सप्रेस और 12182 अजमेर–जबलपुर एक्सप्रेस 23 नवंबर से 7 दिसंबर तक गुरला–चम्बल केबिन–सोगरिया परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी. इस अवधि में ये चारों ट्रेनें कोटा स्टेशन नहीं जाएंगी.
चारों ट्रेनों को सोगरिया में मिलेगा ठहराव
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली चारों ट्रेनों का सोगरिया स्टेशन पर अस्थायी ठहराव निर्धारित किया गया है. इसके तहत भोपाल–जोधपुर एक्सप्रेस (14814) रात 2:10 बजे पहुंचेगी और 2:20 बजे रवाना होगी. जोधपुर–भोपाल एक्सप्रेस (14813) रात 11:30 बजे पहुंचेगी और 11:40 बजे प्रस्थान करेगी.
इसी तरह, जबलपुर–अजमेर एक्सप्रेस (12181) सुबह 6:35 बजे सोगरिया पहुंचेगी और 6:45 बजे रवाना होगी. अजमेर–जबलपुर एक्सप्रेस (12182) रात 9:50 बजे पहुंचेगी और 10 बजे प्रस्थान करेगी.
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि 23 नवंबर से 7 दिसंबर के बीच यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग, समय और प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन की जानकारी एनटीईएस (NTES) या रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से अवश्य प्राप्त कर लें.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

