5 साल की नौकरी जरूरी नहीं, 240 दिन काम करने पर भी मिलेगी ग्रेच्युटी, हाई कोर्ट का बड़ा फैसला

5 साल की नौकरी जरूरी नहीं, 240 दिन काम करने पर भी मिलेगी ग्रेच्युटी, हाई कोर्ट का बड़ा फैसला

प्रेषित समय :20:40:33 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चंडीगढ़. निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने ग्रेच्युटी को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है. अदालत ने स्पष्ट किया है कि किसी कर्मचारी के लिए ग्रेच्युटी पाने की अनिवार्य शर्त हर स्थिति में पांच साल की सेवा पूरी करना नहीं है. यदि कर्मचारी ने पांचवें वर्ष में 240 दिनों से अधिक काम किया है, तो वह ग्रेच्युटी का हकदार हो सकता है. अदालत ने यह भी कहा कि कर्मचारी के स्वयं इस्तीफा देने से उसका ग्रेच्युटी पाने का वैधानिक अधिकार खत्म नहीं हो जाता.

इस फैसले के साथ हाई कोर्ट ने गुरुग्राम की एमएस टेनॉन फैसिलिटी मैनेजमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की याचिका खारिज कर दी. कंपनी ने कर्मचारी को ग्रेच्युटी देने के पूर्व में जारी आदेशों को चुनौती दी थी, लेकिन अदालत ने भुगतान के आदेश में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया.

60 दिन के नोटिस पीरियड को लेकर उठा था विवाद

यह मामला कंपनी में मानव संसाधन प्रमुख के पद पर कार्यरत एक महिला कर्मचारी से संबंधित है. उनकी नियुक्ति 22 सितंबर 2014 को हुई थी. उन्होंने 2 अप्रैल 2019 को ईमेल के जरिए 60 दिन का नोटिस देते हुए इस्तीफा सौंप दिया था. कंपनी ने उसी दिन इस्तीफा स्वीकार कर लिया और कर्मचारी की कार्यमुक्ति की तारीख 30 अप्रैल 2019 निर्धारित कर दी. शेष नोटिस अवधि के बदले उन्हें एक महीने का वेतन भी दिया गया. इसके बाद कंपनी ने 28 मई 2019 को सेवा प्रमाणपत्र और औपचारिक कार्यमुक्ति पत्र जारी किया. महिला कर्मचारी का कहना था कि नियुक्ति पत्र के अनुसार उनका नोटिस पीरियड 60 दिनों का था. इसलिए उनकी सेवा अवधि 28 मई 2019 तक मानी जानी चाहिए. इसी आधार पर उन्होंने ग्रेच्युटी भुगतान के लिए नियंत्रक प्राधिकारी के समक्ष दावा पेश किया.

कंपनी को 3.51 लाख रुपये भुगतान का मिला था आदेश

मामले की सुनवाई के बाद नियंत्रक प्राधिकारी ने 2 अगस्त 2021 को कर्मचारी के पक्ष में फैसला सुनाया. प्राधिकारी ने कंपनी को 2,88,462 रुपये ग्रेच्युटी और 63,053 रुपये ब्याज के रूप में भुगतान करने का आदेश दिया. इस तरह कुल देय राशि 3,51,515 रुपये निर्धारित की गई. इसके अलावा आदेश में कहा गया कि यदि कंपनी निर्धारित समय में भुगतान नहीं करती है, तो बकाया ग्रेच्युटी राशि पर 10 प्रतिशत सालाना की दर से अतिरिक्त ब्याज देना होगा. कंपनी ने इस आदेश के खिलाफ अपील की, लेकिन 7 अक्टूबर 2022 को उसकी अपील भी खारिज कर दी गई. इसके बाद कंपनी ने हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर राहत मांगी.

4 साल 249 दिन की सेवा को माना पर्याप्त

हाई कोर्ट में कंपनी ने दलील दी कि महिला कर्मचारी ने कुल चार साल और 216 दिन ही काम किया था. कंपनी का कहना था कि नोटिस अवधि के बदले दिए गए वेतन को वास्तविक सेवा अवधि में शामिल नहीं किया जा सकता. हालांकि, अदालत ने सुनवाई के दौरान पेश किए गए रिकॉर्ड और गवाहों के बयानों का परीक्षण किया. इस दौरान कंपनी के गवाह ने भी जिरह में 60 दिन के नोटिस पीरियड की बात स्वीकार की थी. इन्हीं तथ्यों के आधार पर हाई कोर्ट ने कर्मचारी की कुल सेवा अवधि चार साल और 249 दिन मानी. अदालत ने पाया कि कर्मचारी ने पांचवें वर्ष में 240 दिनों से अधिक काम किया था, जो ग्रेच्युटी के दावे के लिए महत्वपूर्ण आधार है.

ग्रेच्युटी कानून की धारा 2-ए (2) का दिया हवाला

अदालत ने ग्रेच्युटी भुगतान अधिनियम की धारा 2-ए (2) का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्धारित परिस्थितियों में 240 दिनों तक काम करने को निरंतर सेवा के रूप में माना जा सकता है. ऐसे में केवल पांच साल की सेवा पूरी नहीं होने के आधार पर कर्मचारी को ग्रेच्युटी से वंचित नहीं किया जा सकता. हाई कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्मचारी का स्वेच्छा से इस्तीफा देना ग्रेच्युटी के वैधानिक अधिकार को समाप्त नहीं करता. अदालत ने कंपनी की याचिका खारिज करते हुए कर्मचारी को ग्रेच्युटी भुगतान करने संबंधी पहले के आदेशों को बरकरार रखा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-