जबलपुर। सिहोरा के खितौला क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस महकमे से जुड़े परिवारों के घरों को भी निशाना बनाने से नहीं चूक रहे हैं। खितौला स्थित वार्ड नंबर 13 की प्रज्ञा विहार कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने एक रिटायर्ड एएसआई (एएसआई) के सूने घर का ताला तोड़कर करीब 4 लाख 17 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल फैल गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रिटायर्ड एएसआई हीरालाल झारिया अपनी पत्नी शकुंतला झारिया के साथ घर में ताला लगाकर कटनी गए थे। वहां उनका बेटा हिमांशु रहता है, जिससे मिलने के लिए दोनों पति-पत्नी घर बंद कर रवाना हुए थे। घर सूना पाकर चोरों ने मौका ताड़ा और घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर घुस गए। चोरों ने भीतर दाखिल होने के बाद घर का सामान बुरी तरह बिखेर डाला और आलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखा कीमती सामान व नकदी समेट ले गए। सोमवार दोपहर जब पड़ोसी की नजर टूटे हुए ताले पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत फोन कर हीरालाल झारिया को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही दंपत्ति के होश उड़ गए और वे आनन-फानन में घर पहुंचे, जहां पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा मिला और चोरी का खुलासा हुआ।
लाखों के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब
चोरों ने बड़ी सफाई और बेखौफी से करीब 4.17 लाख रुपए की संपत्ति पार कर ली। चोरी गए सामान में लगभग 3.75 लाख रुपए कीमत के सोने के जेवर शामिल हैं, जिनमें सोने का हार, चैन-लॉकेट, चार सोने की चूडिय़ां, दो अंगूठियां और बच्चों का सोने का चंद्रमा शामिल है। इसके अलावा चोर चांदी की पायल, चूडिय़ां, चार चांदी के सिक्के, प्लेट, कटोरी, गिलास और 16 जोड़ी बिछिया भी अपने साथ ले गए। आभूषणों के साथ-साथ अलमारी में रखे 42 हजार रुपए नकद भी गायब मिले हैं।
फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और पुलिस की जांच तेज-
सूचना मिलते ही खितौला पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घर के गेट और दरवाजों से संदिग्ध फिंगरप्रिंट जुटाए। पुलिस ने पीडि़त की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि सूने मकानों की रेकी कर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की सख्त जरूरत है।
रिटायर्ड एएसआई के सूने घर का ताला तोड़कर लाखों रुपए की चोरी, सिहोरा की प्रज्ञा विहार कालोनी में घटना से सनसनी
प्रेषित समय :19:35:50 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




