मथुरा. उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार सुबह नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए. मृतकों में दो बच्चे और दो महिलाएं शामिल हैं. सभी मध्य प्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले थे और वृंदावन में दर्शन के लिए आए थे.
हादसा सुबह करीब 8:30 बजे थाना जैत क्षेत्र में राम धर्म कांटा के पास हुआ. श्रद्धालुओं से भरी स्विफ्ट कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान रुद्र (4), कान्हा (10), रूबी (32) और ज्योति (30) के रूप में हुई है. हादसे में आशा, देवाशीष, गिरजा, पलक और गौरी घायल हुए हैं.
पुलिस के अनुसार, भिंड निवासी देवाशीष अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ मथुरा घूमने आए थे. कार (MP30 ZJ 2690) में कुल नौ लोग सवार थे. सोमवार सुबह सभी बरसाना से रमणरेती की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी कार ग्वालियर से डस्ट लेकर आ रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई. पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं. परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

