जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बरेला स्थित पड़वार में बीती रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब वर्चस्व और इलाके में जेसीबी चलाने के विवाद को लेकर पांच बदमाशों ने खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। आधी रात करीब 12 बजे सुनसान रास्ते पर घात लगाए बैठे हमलावरों ने एक युवक पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उसके साथी को भी बदमाशों ने नहीं बख्शा और उस पर भी जानलेवा वार कर डाला। इतना ही नहीं, हमलावरों का गुस्सा यहीं शांत नहीं हुआ और उन्होंने जेसीबी मशीन में भी जमकर तोडफ़ोड़ कर दहशत फैला दी।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमझर स्कूल के पास खमरिया निवासी 34 वर्षीय अनिल यादव किराए पर जेसीबी चलाने का काम करता है। बीती रात करीब 12 बजे वह अमझर से पड़वार की ओर अपनी जेसीबी लेकर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में महगवां खमरिया निवासी अंकित यादव, मिलन यादव, अमन यादव, कमल यादव और भगवानदास यादव ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने अनिल को सख्त लहजे में धमकी दी कि इस इलाके में आगे से जेसीबी नहीं चलाएगा। जब अनिल ने इस रोक-टोक और धमकी का कारण जानना चाहा, तो आरोपियों ने अचानक उन पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में अनिल के हाथ, पैर और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। अनिल को लहूलुहान देख उसका साथी रिंकू उसे बचाने दौड़ा, लेकिन बेखौफ बदमाशों ने रिंकू पर भी धारदार हथियारों से हमला कर उसे घायल कर दिया। चीख-पुकार और हंगामे के बीच आरोपियों ने जेसीबी मशीन पर भी जमकर तोडफ़ोड़ की। घटनास्थल पर शोर-शराबा सुनकर जैसे ही आसपास के लोग जुटने लगे, वैसे ही पांचों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही घायलों के परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों की मदद से देर रात करीब दो बजे घायल अनिल और रिंकू बरेला थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भिजवाया, उनकी शिकायत पर मामला दर्ज किया और फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वर्चस्व को लेकर दो युवकों पर बदमाशों ने किया प्राणघातक हमला, जेसीबी में की जमकर तोडफ़ोड़
प्रेषित समय :15:52:33 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




