आर्डर दिया चिली पनीर का परोस दिया चिली चिकल, शाकाहारी परिवार ने निवाला मुंह में जाते ही किया हंगामा, मचा हड़कम्प

आर्डर दिया चिली पनीर का परोस दिया चिली चिकल, शाकाहारी परिवार ने निवाला मुंह में जाते ही किया हंगामा, मचा हड़कम्प

प्रेषित समय :15:42:48 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। संस्कारधानी के प्रतिष्ठित होटल में ग्राहक की आस्था और विश्वास से खिलवाड़ करने का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन स्थित नागरथ चौक के 'नंबर 7 होटल' में रविवार शाम उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब डिनर करने पहुंचे एक शुद्ध शाकाहारी परिवार को वेज (पनीर चिली) की जगह नॉन-वेज (चिकन चिली) परोस दिया गया।
                             जानकारी के अनुसार आनंद भामोत्रा बीती शाम अपने परिवार के साथ डिनर करने के लिए नंबर 7 होटल पहुंचे थे। परिवार के सभी सदस्य शुद्ध शाकाहारी हैं, इसलिए उन्होंने ऑर्डर देते वक्त होटल स्टाफ को विशेष रूप से केवल शाकाहारी व्यंजन ही परोसने की सख्त हिदायत दी थी। उनके ऑर्डर में पनीर चिली भी शामिल थी। कुछ देर बाद वेटर टेबल पर गर्मागर्म डिश लेकर आया। परिवार ने उसे पनीर चिली समझकर बड़े चाव से खाना शुरू कर दिया। लेकिन जैसे ही निवाला मुंह में गया, परिवार के सदस्यों को डिश के स्वाद और उसकी बनावट में कुछ अजीब सा अंतर महसूस हुआ। संदेह होने पर जब उन्होंने प्लेट में रखी डिश को ध्यान से जांचा, तो उनके होश उड़ गए। जिसे वे पनीर समझकर खा रहे थे, वह दरअसल चिकन चिली निकला। आस्था से हुए इस खिलवाड़ को देख परिवार भड़क उठा और मौके पर ही होटल प्रबंधन व स्टाफ को जमकर आड़े हाथों लिया। आनंद भामोत्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि स्पष्ट निर्देश के बावजूद जानबूझकर या घोर लापरवाही बरतते हुए उनके परिवार का धर्म भ्रष्ट करने की कोशिश की गई। हंगामे के दौरान वहां मौजूद अन्य ग्राहकों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद शहर के नागरिकों और शाकाहारी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोग इसे खाद्य सुरक्षा नियमों का खुला उल्लंघन बताते हुए होटल प्रशासन पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, इस गंभीर लापरवाही पर जब होटल संचालक से पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कैमरे और सवालों से बचते हुए पूरी तरह चुप्पी साध ली है
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-