कर्मभूमि एक्सप्रेस पर पथराव, यात्री घायल: आंख के ऊपर लगा पत्थर, सतना जिला अस्पताल में भर्ती

कर्मभूमि एक्सप्रेस पर पथराव, यात्री घायल: आंख के ऊपर लगा पत्थर, सतना जिला अस्पताल में भर्ती

प्रेषित समय :14:55:20 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सतना. कटनी से रवाना होने के बाद रविवार को कर्मभूमि एक्सप्रेस पर आउटर क्षेत्र में पथराव हो गया. इस दौरान जनरल कोच में सफर कर रहे 50 वर्षीय यात्री प्रमोद पासवान पत्थर लगने से घायल हो गए. पत्थर उनकी आंख के ऊपर लगा, जिससे माथे के पास गहरा घाव हो गया. ट्रेन के सतना स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ और कमर्शियल विभाग की टीम ने उन्हें उतारकर अस्पताल पहुंचाया. फिलहाल जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है.

जानकारी के मुताबिक, बिहार के सीतामढ़ी निवासी प्रमोद पासवान (50), पिता रामस्वार्थ पासवान, एलटीटी से रक्सौल जा रही कर्मभूमि एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे थे. कटनी से ट्रेन रवाना होने के कुछ देर बाद आउटर क्षेत्र में अज्ञात लोगों ने पथराव कर दिया. इसी दौरान एक पत्थर प्रमोद की आंख के ऊपर लगा और वे घायल हो गए.

सतना स्टेशन पर मिला उपचार

घटना की सूचना मिलने पर सतना स्टेशन पर आरपीएफ और कमर्शियल विभाग के अधिकारियों ने घायल यात्री को ट्रेन से उतारा. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया.

पथराव करने वालों की तलाश में गश्त बढ़ाई

घटना के बाद कटनी आरपीएफ ने आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है. पथराव करने वालों की तलाश की जा रही है. हालांकि, घायल यात्री यह स्पष्ट नहीं बता सके कि उन्हें किस वस्तु से चोट लगी थी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-