परिवार के साथ खरीददारी करने आए प्रापर्टी डीलर पर बदमाशों ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, गंजीपुरा बाजार में मची भगदड़, अफरातफरी

परिवार के साथ खरीददारी करने आए प्रापर्टी डीलर पर बदमाशों ने चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, गंजीपुरा बाजार में मची भगदड़, अफरातफरी

प्रेषित समय :18:28:54 PM / Mon, Nov 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र के गंजीपुरा इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी व भगदड़ मच गई। जब परिवार के साथ खरीददारी करने आए प्रापर्टी डीलर राहुल सोनकर पर दो बदमाशों ने चाकू से हमला करना शुरु कर दिया। राहुल पर हमला होते देख पत्नी व बेटी में चीख पुकार मच गई। हमले से घायल राहुल लडख़ड़ाते हुए लार्डगंज थाना पहुंचा, जहां पर पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल राहुल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर हालत को देखते हुए डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल अस्पताल रेफर किया। 
                                     पुलिस के अनुसार, मोतीमहल ओमती स्थित शिव पार्वती मंदिर के पास रहने वाले राहुल सोनकर उम्र 38 वर्ष प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं। उनका लक्की सोनकर और विक्की सोनकर से लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। बीती शाम करीब 5 बजे राहुल अपनी पत्नी ज्योति केवट और बेटी नव्या सोनकर को कपड़े दिलाने गंजीपुरा मार्केट आए थे। बाजार में भीड़ अधिक होने के कारण पत्नी और बेटी पैदल चल रहे थे। जैसे ही राहुल गंजीपुरा स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए खड़े लक्की सोनकर, विक्की सोनकर, उसका बेटा रियान सोनकर और भांजा सम्राट सोनकर ने उन्हें घेर लिया। विक्की और लक्की ने राहुल को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और मारो इसे कहकर ललकारा। जान बचाने के लिए राहुल वहां से भागने लगे, लेकिन रियान सोनकर और सम्राट सोनकर ने दौड़कर उन्हें पकड़ लिया और चाकू से हमला कर पीठ में गंभीर चोट पहुंचा दी। हमले के बाद चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। लहूलुहान हालत में राहुल लार्डगंज थाने पहुंचे, जहां से पुलिस ने उन्हें तुरंत विक्टोरिया अस्पताल भेजा और फिर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने पीडि़त के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 118(1), 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-