16 दिसंबर को ढाका पहुंचेंगी शेख हसीना? बांग्लादेश सरकार के सामने रखी विमान की मांग

16 दिसंबर को ढाका पहुंचेंगी शेख हसीना? बांग्लादेश सरकार के सामने रखी विमान की मांग

प्रेषित समय :13:18:05 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. भारत में दो साल से अधिक समय से रह रहीं हसीना ने अब बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख तय की है. खास बात यह है कि 16 दिसंबर को बांग्लादेश में विजय दिवस मनाया जाता है. हालांकि, उनकी वापसी की राह आसान नजर नहीं आ रही है. उनके खिलाफ कई गंभीर कानूनी मामले लंबित हैं. वहीं, बांग्लादेश के एक मंत्री ने साफ संकेत दिया है कि देश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है.

दिल्ली से ढाका जाने के लिए सरकारी विमान की मांग

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शेख हसीना 16 दिसंबर को भारत से ढाका लौटना चाहती हैं. इसके लिए उन्होंने बांग्लादेश सरकार से सरकारी विमानन कंपनी 'बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस' के विमान की व्यवस्था करने का अनुरोध किया है.

बताया जा रहा है कि 5 अगस्त 2024 को जब हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर बांग्लादेश से भारत आना पड़ा था, तब उनकी यात्रा के लिए बांग्लादेशी विमान का इस्तेमाल किया गया था. अब उनका तर्क है कि जिस तरह देश छोड़ते समय विमान की व्यवस्था की गई थी, उसी तरह उनकी वापसी के लिए भी सरकार को इंतजाम करना चाहिए. गौरतलब है कि यह पहली बार है जब शेख हसीना की ओर से बांग्लादेश लौटने के लिए किसी निश्चित तारीख का जिक्र किया गया है.

क्या स्वदेश लौटते ही गिरफ्तार होंगी शेख हसीना?

शेख हसीना की वापसी को लेकर सबसे बड़ा सवाल उनकी गिरफ्तारी को लेकर है. बांग्लादेश के एक मंत्री पहले ही कह चुके हैं कि अगर हसीना देश लौटती हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा. ऐसे में 16 दिसंबर को उनकी संभावित वापसी को लेकर संशय बना हुआ है. दूसरी ओर, बांग्लादेश सरकार ने अब तक सरकारी विमान उपलब्ध कराने या उनकी स्वदेश वापसी को लेकर कोई आधिकारिक सहमति नहीं दी है. ऐसे में यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि सरकार उनकी मांग पर क्या रुख अपनाती है.

2024 के छात्र आंदोलन के बाद छोड़नी पड़ी थी सत्ता

बांग्लादेश में वर्ष 2024 में आरक्षण के विरोध में शुरू हुआ छात्र आंदोलन धीरे-धीरे व्यापक सरकार विरोधी आंदोलन में बदल गया था. इस दौरान देशभर में हिंसा और भारी जान-माल का नुकसान हुआ. संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के मुताबिक, आंदोलन और उसके बाद हुई हिंसा में करीब 1,400 लोगों की मौत हुई थी.बढ़ते विरोध और राजनीतिक संकट के बीच 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़कर देश से बाहर जाना पड़ा था. इसके बाद वह भारत आ गई थीं और तब से यहीं रह रही हैं. अब उनकी प्रस्तावित वापसी ने एक बार फिर बांग्लादेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-