एमपी में फिटनेस सेंटरों का फर्जीवाड़ा उजागर, 36 हजार से अधिक वाहनों को बिना जांच प्रमाणपत्र देने का आरोप; 5 सेंटर निलंबित

एमपी में फिटनेस सेंटरों का फर्जीवाड़ा उजागर, 36 हजार से अधिक वाहनों को बिना जांच प्रमाणपत्र देने का आरोप; 5 सेंटर निलंबित

प्रेषित समय :17:10:13 PM / Tue, Nov 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. मध्य प्रदेश में वाहनों की फिटनेस जांच व्यवस्था में बड़े पैमाने पर अनियमितता का मामला सामने आया है। ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटर (ATS) के माध्यम से बिना वाहन की भौतिक जांच किए फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने के आरोप के बाद परिवहन विभाग ने प्रदेशभर के सेंटरों की जांच शुरू कर दी है। मामले में अब तक पांच सेंटरों को निलंबित किया गया है, जबकि नौ संचालकों को नोटिस जारी किए गए हैं।

जांच के दायरे में ग्वालियर के वेदांती और मनाली फिटनेस सेंटर भी शामिल हैं। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा ने सभी सेंटरों का रिकॉर्ड खंगालने और पिछले तीन वर्षों का डेटा जुटाने के निर्देश दिए हैं। विभाग यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में कितनी अनियमितताएं हुई हैं।

जयपुर ग्रामीण के शाहपुरा थाने में 17 नवंबर को दर्ज एफआईआर के अनुसार, एक अप्रैल से 30 अक्टूबर 2026 के बीच मध्य प्रदेश के 19 ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटरों से राजस्थान के 36,748 वाहनों को बिना भौतिक जांच फिटनेस प्रमाणपत्र जारी किए जाने की शिकायत की गई है। आरोप है कि वाहन सेंटर पर लाने के बजाय उनके फोटो और दस्तावेज वाट्सएप के माध्यम से भेजकर प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए। हालांकि, वाहनों की संख्या और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

मामले का खुलासा राजस्थान के एक ट्रक की फिटनेस जांच के दौरान हुआ। 23 अक्टूबर को ट्रक जयपुर के शाहपुरा स्थित फिटनेस सेंटर पहुंचा, जहां जांच में पता चला कि उसी ट्रक का फिटनेस प्रमाणपत्र मध्य प्रदेश के धार स्थित आदिनाथ फिटनेस एलएलपी से जारी हो चुका था। धार और शाहपुरा के बीच करीब 600 किलोमीटर की दूरी होने के बावजूद प्रमाणपत्र जारी होने की इस घटना ने जांच एजेंसियों को चौंका दिया। ग्वालियर के वेदांती सेंटर में जनवरी 2026 में भी एक ही चेसिस नंबर पर कई वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने की अनियमितता सामने आई थी।

केंद्र सरकार ने एक अप्रैल 2025 से परिवहन वाहनों की फिटनेस जांच पंजीकृत ऑटोमेटेड टेस्टिंग सेंटरों से कराना अनिवार्य किया है। इस व्यवस्था के तहत ब्रेक, टायर, लाइट और अन्य सुरक्षा मानकों की मशीनों से जांच के बाद ही प्रमाणपत्र जारी किया जाना चाहिए। ऐसे में बिना वाहन की मौजूदगी के फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने के आरोपों ने परिवहन विभाग की निगरानी व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-