मुंबई में बम धमकी के पीछे टेक इंजीनियर का हाथ! 1500 फर्जी ईमेल भेजने का शक, चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

मुंबई में बम धमकी के पीछे टेक इंजीनियर का हाथ! 1500 फर्जी ईमेल भेजने का शक, चेन्नई एयरपोर्ट से गिरफ्तार

प्रेषित समय :10:50:11 AM / Fri, Nov 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मुंबई. मुंबई में बीएमसी मुख्यालय, मेट्रो स्टेशन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई), अदालतों, स्कूलों और बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. जांच एजेंसियों ने 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर शरत सुब्रमण्यम शंकर को गिरफ्तार किया है. आरोपी पर पिछले दो वर्षों में देशभर की विभिन्न एजेंसियों और महत्वपूर्ण संस्थानों को करीब 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने का संदेह है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले का रहने वाला है और अमेरिका में नौकरी करता था. मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर तमिलनाडु एंटी टेररिज्म स्क्वाड (एटीएस) ने उसे जुलाई में अमेरिका से भारत लौटने के दौरान चेन्नई एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया था. फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है.

पुलिस अधिकारी ने ऐसे बिछाया जाल

रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी की हिरासत मिलने के बाद उससे विस्तार से पूछताछ की जाएगी. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर वह लगातार धमकी भरे ईमेल क्यों भेज रहा था और इसके पीछे उसका मकसद क्या था. जांच के दौरान मुंबई पुलिस के एक अधिकारी को आरोपी के ईमेल से अहम सुराग मिला. अधिकारी ने उससे संपर्क कर बातचीत शुरू की. शंकर को अंदाजा नहीं था कि वह जिस व्यक्ति से बात कर रहा है, वह पुलिस अधिकारी है. बातचीत के दौरान एक सवाल का जवाब देते समय उसने अनजाने में अपनी निजी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर लिया. इसी गलती से पुलिस को उसकी पहचान तक पहुंचने का रास्ता मिल गया. इसके बाद मुंबई पुलिस ने आरोपी से जुड़ी जानकारी तमिलनाडु पुलिस के साथ साझा की. अमेरिका से लौटते ही उसे चेन्नई एयरपोर्ट पर पकड़ लिया गया.

हर धमकी के बाद खाली कराने पड़ते थे परिसर

मुंबई में जब भी किसी महत्वपूर्ण स्थान को बम से उड़ाने की धमकी मिलती थी, सुरक्षा एजेंसियों को तत्काल कार्रवाई करनी पड़ती थी. तय सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत संबंधित इमारतों को खाली कराया जाता था और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी जाती थी. ऐसे प्रत्येक मामले में बम निरोधक दस्ता, स्निफर डॉग स्क्वाड, स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तैनात करनी पड़ती थीं. इसके चलते कई बार आम लोगों की आवाजाही और सार्वजनिक सेवाएं भी प्रभावित हुईं. हालांकि, जांच में अब तक ये सभी धमकियां फर्जी साबित हुई हैं.

बीएसई को आरडीएक्स होने का भेजा था ईमेल

जांच के दौरान सामने आया कि 10 जून को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) को भी धमकी भरा ईमेल भेजा गया था. इसमें एक्सचेंज की इमारत के भीतर आरडीएक्स रखे होने का दावा किया गया था. इस तरह की धमकियों से सुरक्षा एजेंसियों को बार-बार अलर्ट पर रहना पड़ता था.

वीपीएन के जरिए छिपाता था डिजिटल पहचान

जांच अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अलग-अलग ईमेल अकाउंट का इस्तेमाल कर धमकी भरे संदेश भेजता था. डिजिटल पहचान छिपाने के लिए वीपीएन समेत अन्य तकनीकों का सहारा लिया गया था. इसी वजह से ईमेल भेजने वाले तक पहुंचना जांच एजेंसियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो गया था.

यूपी एटीएस के हत्थे चढ़े युवक की भूमिका भी जांच के घेरे में

इस मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस की ओर से गिरफ्तार किए गए 24 वर्षीय अंकित शंखवार की भूमिका भी जांच के दायरे में है. उस पर फर्जी ईमेल अकाउंट तैयार करने और उन्हें उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क को संचालित करने का आरोप है. अब पुलिस शरत सुब्रमण्यम शंकर और अंकित शंखवार के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि देशभर में करीब 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने के पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय था या आरोपी अकेले ही इस पूरी गतिविधि को अंजाम दे रहा था.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-