जबलपुर.जबलपुर रेलवे स्टेशन के 156 वर्ष पूरे होने पर शुक्रवार को पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल ने प्लेटफॉर्म नंबर-1 के कॉन्कोर्स एरिया में स्टेशन महोत्सव आयोजित किया. इस मौके पर स्टेशन के इतिहास को दर्शाती हेरिटेज गैलरी का उद्घाटन किया गया. साथ ही विरासत स्मारिका का विमोचन, लघु फिल्म का प्रदर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए.
समारोह में पश्चिम मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहंकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे सुरक्षा बल और स्काउट्स-गाइड्स की परेड से हुई. इसके बाद राष्ट्रगान और सामूहिक वंदे मातरम् का गायन किया गया.
हेरिटेज गैलरी में दिखेगा स्टेशन का इतिहास
स्टेशन परिसर में बनाई गई हेरिटेज गैलरी में जबलपुर रेलवे स्टेशन के इतिहास, उसकी पहचान और विकास यात्रा से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं. अपर महाप्रबंधक मोहंकर ने इसका उद्घाटन किया. गैलरी को आम नागरिकों और यात्रियों के लिए खोल दिया गया है. समारोह में स्टेशन के 156 साल के सफर पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई और विरासत स्मारिका का विमोचन किया गया.
नुक्कड़ नाटक और फूड फेस्टिवल भी हुए
महोत्सव में स्काउट्स एवं गाइड्स ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया. उत्कृष्ट योगदान के लिए बच्चों और रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. क्षेत्रीय फूड फेस्टिवल में स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए. कार्यक्रम के दौरान गुब्बारे भी छोड़े गए.
अपर महाप्रबंधक एकनाथ मोहंकर ने स्टेशन की ऐतिहासिक महत्ता बताते हुए विरासत के संरक्षण और रेलवे के विकास में कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की.
कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, अपर मंडल रेल प्रबंधक अभय कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य यांत्रिक अभियंता शैलेंद्र कुमार रावत, प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक अशोक कुमार, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक पंकज कुमार सिन्हा, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एसडी पाटीदार सहित रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी, स्काउट्स-गाइड्स और स्कूली बच्चे मौजूद रहे. अंत में अभय कुमार गुप्ता ने आभार व्यक्त किया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

