जबलपुर. रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में अधिकारियों के बीच विवाद एक बार फिर गहराता नजर आ रहा है. विश्वविद्यालय की सहायक कुलसचिव ज्योति खराड़ी ने एक वरिष्ठ जिम्मेदार अधिकारी पर मानसिक प्रताड़ना, अपमानित करने और झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं. इस संबंध में उन्होंने 18 सितंबर को भोपाल स्थित उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही स्वयं और अपने परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गृह जिले के नजदीक तबादला करने की गुहार लगाई है. शिकायत के बाद शासन ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव से मामले में प्रतिवेदन मांगा है.
एक अधिकारी को सात विभागों की जिम्मेदारी
शिकायत में कार्यविभाजन को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. ज्योति खराड़ी के मुताबिक, विश्वविद्यालय में तीन सहायक कुलसचिव पदस्थ हैं, लेकिन जिम्मेदारियों के आवंटन में समानता नहीं बरती गई है. सहायक कुलसचिव मीनल गुप्ता के पास तीन विभाग हैं, जबकि अन्य समकक्ष अधिकारियों को एक-एक विभाग का दायित्व दिया गया है. इसके विपरीत खराड़ी को गोपनीय, अकादमिक, भंडार, मुद्रणालय, अतिथि गृह, वाहन प्रभारी और सीएम हेल्पलाइन एल-1 सहित सात महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्होंने इसे अपने ऊपर अतिरिक्त कार्यभार और दबाव बनाए जाने का कारण बताया है.
बैठक में अपमानित करने और धमकाने का आरोप
शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि अनुसूचित जनजाति वर्ग से होने के कारण उन पर अनुचित कार्य करने के लिए दबाव बनाया जाता है. उन्होंने बताया कि 1 सितंबर 2026 को विद्यापरिषद की बैठक में भंडार विभाग की एक फाइल पर की गई टिप्पणी को लेकर सदस्यों के सामने अप्रत्यक्ष रूप से अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया.
इसके बाद 10 सितंबर को कथित तौर पर गलत कार्य करने से इनकार करने पर अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी में राजभवन एवं शासन में शिकायत करने, राजनीतिक प्रभाव दिखाने और छात्र संगठनों के बीच बेइज्जत करने की धमकी दी गई. खराड़ी ने आशंका जताई है कि कुछ कर्मचारियों के माध्यम से उनके खिलाफ झूठे आरोप लगवाकर फर्जी जांच शुरू कराने की कोशिश की जा सकती है. उनका कहना है कि इन घटनाओं के चलते वह और उनका परिवार मानसिक तनाव तथा भय के माहौल में रह रहे हैं.
उज्जैन, इंदौर या महू तबादले की मांग
मूल रूप से रतलाम निवासी ज्योति खराड़ी ने अपने माता-पिता के वहां रहने का हवाला देते हुए गृह जिले के नजदीक पदस्थापना की मांग की है. उन्होंने विकल्प के तौर पर सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय उज्जैन, देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर और डॉ. बीआर अंबेडकर सामाजिक विज्ञान विश्वविद्यालय महू में स्थानांतरण करने का अनुरोध किया है.
साथ ही मांग की है कि जब तक वह जबलपुर में पदस्थ हैं, तब तक उनकी और उनके परिवार की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम किए जाएं. शिकायत की प्रतियां राज्यपाल के सचिव, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग और राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग को भी भेजी गई हैं.
गौरतलब है कि इससे पहले तत्कालीन कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल भी इसी तरह के आरोप लगाते हुए स्थानांतरण करा चुके हैं. विश्वविद्यालय में लगातार सामने आ रही ऐसी शिकायतों ने प्रशासनिक व्यवस्था, अधिकारियों के बीच समन्वय और संस्थान के आंतरिक कार्य वातावरण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों पर संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

