जबलपुर. गन कैरिज फैक्ट्री (GCF) से करीब 30 साल पहले 5.5 किलो लोहे की छड़ चोरी करने के मामले में बर्खास्त कर्मचारी को हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली. अदालत ने कर्मचारी मेवालाल की अपील खारिज करते हुए उसकी बर्खास्तगी के आदेश को बरकरार रखा. कोर्ट ने स्पष्ट किया कि रक्षा क्षेत्र के संवेदनशील कारखानों में चोरी जैसी घटनाओं को सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता.
मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति विवेक रूसिया और न्यायमूर्ति प्रदीप मित्तल की युगलपीठ ने की. अदालत ने निचली अदालतों के फैसले में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं पाया.
पिता की मृत्यु के बाद मिली थी अनुकंपा नियुक्ति
मेवालाल को वर्ष 1980 में पिता की मृत्यु के बाद गन कैरिज फैक्ट्री में अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी. मामला 31 अगस्त 1995 का है, जब फैक्ट्री परिसर से बाहर निकलते समय उसे कपड़ों में छिपाकर करीब साढ़े पांच किलो लोहे की छड़ ले जाते हुए पकड़ा गया था.
इसके बाद विभागीय जांच की गई और केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1965 के तहत कर्मचारी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया.
बर्खास्तगी के खिलाफ लेबर कोर्ट पहुंचा था कर्मचारी
बर्खास्तगी के आदेश को कर्मचारी ने लेबर कोर्ट में चुनौती दी थी. हालांकि, वहां विभागीय जांच और उसके आधार पर दी गई सजा को वैध माना गया. इसके बाद कर्मचारी ने हाईकोर्ट की एकलपीठ में याचिका दायर की, लेकिन वहां भी उसे राहत नहीं मिली.
दबाव में चोरी स्वीकार करने की दलील भी नहीं आई काम
इसके बाद कर्मचारी ने हाईकोर्ट की युगलपीठ में अपील दायर कर दावा किया कि अधिकारियों के दबाव में उसने चोरी स्वीकार की थी. हालांकि, अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर चोरी के आरोप को प्रमाणित पाया.
लेबर कोर्ट और एकलपीठ दोनों पहले ही मामले में कर्मचारी के खिलाफ फैसला दे चुके थे. इन समवर्ती निष्कर्षों में हस्तक्षेप का आधार नहीं मिलने पर हाईकोर्ट ने अपील खारिज कर दी और बर्खास्तगी का आदेश बरकरार रखा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

