जबलपुर.शहर में स्पा सेंटरों और ओयो सहित अन्य होटलों की आड़ में कथित रूप से संचालित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ हिंदू टाइगर फोर्स ने कार्रवाई की मांग की है. संगठन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को विजयनगर थाने पहुंचकर थाना प्रभारी धीरज राज को ज्ञापन सौंपा. इसमें शहर के विभिन्न क्षेत्रों, खासकर घनी बस्तियों और आवासीय कॉलोनियों में संचालित संदिग्ध स्पा सेंटरों एवं होटलों की गोपनीय जांच कर छापेमारी करने की मांग की गई.
संगठन ने आरोप लगाया कि कुछ प्रतिष्ठानों में मसाज और होटल सुविधा की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं. इससे महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के साथ सामाजिक एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है. ज्ञापन में अनैतिक व्यापार, महिलाओं के शोषण और मानव तस्करी जैसी संभावित गतिविधियों की जांच कराने की मांग की गई.
संगठन ने संदिग्ध प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी, दोषी संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और नगर निगम द्वारा जारी लाइसेंसों की समीक्षा करने की मांग भी रखी. साथ ही नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई का आग्रह किया. थाना प्रभारी धीरज राज ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

