रेलवे जीएम का कटनी दौरा: निर्माण कार्यों की प्रगति और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

रेलवे जीएम का कटनी दौरा: निर्माण कार्यों की प्रगति और यात्री सुविधाओं का लिया जायजा

प्रेषित समय :19:07:36 PM / Fri, Nov 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज के निर्माण की परखी गुणवत्ता, अधिकारियों को समयसीमा और मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने कटनी दौरे के दौरान निर्माणाधीन ग्रेड सेपरेटर और कटनी मुड़वारा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

महाप्रबंधक ने सबसे पहले कटनी में निर्माणाधीन ग्रेड सेपरेटर का निरीक्षण किया. उन्होंने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य की प्रगति, प्रस्तावित लेआउट और तकनीकी व्यवस्थाओं की जानकारी ली. अधिकारियों से निर्माण की मौजूदा स्थिति पर चर्चा करते हुए उन्होंने कार्य को निर्धारित योजना और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करने पर जोर दिया.

मुड़वारा स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का लिया जायजा

इसके बाद महाप्रबंधक कटनी मुड़वारा स्टेशन पहुंचे. यहां उन्होंने निर्माणाधीन 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का निरीक्षण कर निर्माण की गति और गुणवत्ता की समीक्षा की. उन्होंने स्टेशन परिसर में चल रहे अन्य विकास कार्यों और यात्री सुविधाओं का भी जायजा लिया. अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य बेहतर समन्वय के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें.

मीडिया से भी की चर्चा

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर रेलवे की विकास योजनाओं और अधोसंरचना से जुड़े सवालों के जवाब दिए. उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने और परिचालन व्यवस्था में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी.

इस निरीक्षण के जरिए कटनी क्षेत्र में चल रही महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई. रेलवे का उद्देश्य सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ अधोसंरचना विकास को गति देना है.

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक कमल कुमार तलरेजा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) एमएस हाश्मी, प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक अरविंद कुमार रजक, अपर मंडल रेल प्रबंधक दिनेश कुमार कलामें, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशांक गुप्ता, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रिंस विक्रम, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) राहुल जयपुरियार सहित पश्चिम मध्य रेलवे एवं जबलपुर मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-