राहुल गांधी का बड़ा आरोप: 850 लोकसभा सीटों के बहाने चुनावी नक्शा बदलना चाहती है BJP

राहुल गांधी का बड़ा आरोप: 850 लोकसभा सीटों के बहाने चुनावी नक्शा बदलना चाहती है BJP

प्रेषित समय :19:37:23 PM / Sat, Nov 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है. शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण की आड़ में लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करना चाहती है. इसके जरिए भाजपा को देश का चुनावी नक्शा अपने हिसाब से बदलने का मौका मिलेगा. राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव में वोट चोरी का आरोप लगाते हुए दावा किया कि देश के 80 प्रतिशत लोग और लगभग 100 प्रतिशत Gen Z युवा मानते हैं कि चुनावों में धांधली हुई है.

'अब देश जानता है कि चुनावों में धांधली हो रही है'

राहुल गांधी ने कहा कि पहले यह धारणा थी कि सत्ता में बैठे लोग जब चाहें और जहां चाहें चुनावों में धांधली कर सकते हैं, लेकिन अब यह दौर खत्म हो चुका है. उन्होंने कहा कि चुनावों में गड़बड़ी की कोशिशें अब भी हो सकती हैं, लेकिन देश को इसकी जानकारी है.

उन्होंने दावा किया कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर चुनाव चुराने के आरोपों को लेकर जनता के बीच नाराजगी है. राहुल ने कहा कि उनकी पार्टी के सर्वे के मुताबिक 80 प्रतिशत भारतीय और करीब 100 प्रतिशत Gen Z युवा मानते हैं कि चुनावों में वोट चोरी हुई है.

14 करोड़ अयोग्य लोगों के वोट डालने का दावा

राहुल गांधी ने चुनाव आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि वर्ष 2024 के चुनाव में 14 करोड़ ऐसे लोगों ने मतदान किया, जो उनके मुताबिक वोट डालने के पात्र नहीं थे. उन्होंने इसे चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल बताते हुए कहा कि 2024 के चुनाव की वैधता पर सवाल खड़े होते हैं.

उन्होंने जम्मू-कश्मीर में परिसीमन, बिहार में मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और असम में चुनावी संरचना में बदलाव का मुद्दा भी उठाया. राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में 100 से ज्यादा सीटों पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष ने इन मुद्दों पर सरकार और चुनाव आयोग को घेर लिया है.

850 सीटों के जरिए चुनावी नक्शा बदलने की तैयारी का आरोप

राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करना चाहती है और इसके लिए महिला आरक्षण का हवाला दिया जा रहा है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब महिला आरक्षण विधेयक पहले ही पारित हो चुका है, तो इसे लागू करने के लिए लोकसभा की सीटें बढ़ाने की जरूरत क्यों है?

उन्होंने आरोप लगाया कि सीटों की संख्या बढ़ने से भाजपा को परिसीमन के जरिए चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं अपने फायदे के हिसाब से तय करने का अवसर मिलेगा. इससे भाजपा विरोधी समुदायों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर हो सकता है और विपक्ष के चुनिंदा नेताओं को निशाना बनाया जा सकता है.

जातिगत जनगणना को लेकर भी उठाए सवाल

प्रस्तावित परिसीमन विधेयक पर राहुल गांधी ने कहा कि जातिगत जनगणना को किनारे किया जा रहा है और 2027 की जनगणना के महत्व को कम किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करना चाहती है और इसके बाद वर्ष 2051 तक सीटों की स्थिति फ्रीज की जा सकती है.

राहुल गांधी के मुताबिक, ऐसा होने से अगले 40 वर्षों तक सामाजिक न्याय और आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर असर पड़ेगा. उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति की आबादी बढ़ने के बावजूद उनके लिए आरक्षित सीटों की संख्या नहीं बढ़ेगी. इससे SC, ST और OBC समुदायों के राजनीतिक अधिकार कमजोर हो सकते हैं.

राहुल गांधी ने की सर्वदलीय परिसीमन आयोग की मांग

राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया के लिए एक सर्वदलीय और निष्पक्ष परिसीमन आयोग गठित करने की मांग की. उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण 850 सीटों के बजाय मौजूदा 543 लोकसभा सीटों पर लागू किया जाना चाहिए.

साथ ही उन्होंने OBC महिलाओं के लिए आरक्षण में सब-कोटा देने की मांग भी उठाई. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए भारतीय लोकतंत्र की बुनियादी संरचना को अपने राजनीतिक फायदे के अनुसार बदलना चाहती है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-