सूने घरों में चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 20 लाख के जेवर बरामद

सूने घरों में चोरी करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार, 20 लाख के जेवर बरामद

प्रेषित समय :17:01:15 PM / Sun, Nov 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में महीनों से दहशत का पर्याय बने एक शातिर नकबजन को पुलिस ने दबोच लिया है. आरोपी ने सूने घरों के ताले चटकाकर एक-दो नहीं बल्कि 8 बड़ी नकबजनियों को अंजाम दिया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर जब्त किए हैं.

लगातार हो रही नकबजनियों से परेशान पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया. पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गोहलपुर थाना क्षेत्र के अमखेरा स्थित सुशीला परिसर में दबिश दी. यहां से दमोह निवासी 32 वर्षीय राकेश पिता नन्नूलाल विश्वकर्मा को हिरासत में लिया गया. सख्त पूछताछ में आरोपी ने संजीवनी नगर की 8 नकबजनियों में शामिल होना कबूल कर लिया और अपने कमरे में छिपाकर रखे बैग से चोरी का माल बरामद कराया.

ऐसे देता था वारदातों को अंजाम

आरोपी की कार्यप्रणाली बेहद सोची-समझी थी. वह उन घरों को निशाना बनाता था जिनके मालिक परिवार सहित बाहर गए होते थे या घर में ताला लटका होता था. जुलाई से नवंबर तक कहर: 18 जुलाई को शुभम शुक्ला के घर का ताला तोड़कर जेवर, इंडक्शन, स्पीकर व नकदी उड़ाई. इसके बाद 31 जुलाई को रामदयाल रजक के घर से हार, कंगन, झुमकी, पायल और 45 हजार रुपये नकद ले गया. इन सभी मामलों में संजीवनी नगर थाने में भारतीय न्याय संहिताकी धारा 305(ए), 331(4), 331(3) व 331 के तहत अपराध क्रमांक 309/26, 334/26, 336/26, 349/26, 375/26, 405/26, 509 और 358 दर्ज थे, जिनमें आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है.

बड़ी सेंधमारी-

अगस्त में सपना तिवारी के घर का ताला व आलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के भारी जेवर, चांदी के बर्तन और नकदी पार की. वहीं सितंबर में अजितेश तिवारी के घर से जेवर व 1 लाख रुपये, और प्रवेशलता महलोनिया के घर से नकदी व जेवर चुराए.

दिवाली पर भी नहीं बख्शा-

7 नवंबर को कृषि विस्तार अधिकारी हरीश बर्वे दिवाली मनाने बालाघाट गए थे, तभी आरोपी ने घर का ताला तोड़कर जेवर, चांदी-तांबे के सिक्के और 1 लाख 34 हजार रुपये से अधिक की नकदी पर हाथ साफ कर दिया. इसके अलावा सजी जार्ज और जितेन्द्र कुमार नामदेव के घरों में भी इसी तरह चोरी की गई.

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस खुलासे में थाना प्रभारी बी.डी. द्विवेदी, चौकी प्रभारी उप निरीक्षक दुर्गेश मरावी, सउनि अजय झारिया, हृदयनारायण पाण्डेय, अनिल सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक दिलीप पाठक, राजेश तिवारी, आरक्षक पुष्पराज जाट, नितिन कनौजिया, अमरेन्द्र कुमार, वातसल्य और गोरखपुर जोन सायबर सेल के आरक्षक अरविन्द की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-