अपराधी किसी भी दल या वर्ग का हो, रियायत नहीं मिलेगी, टीआई दिलीप पुरी की शहादत पर बोले मंत्री जगदीश देवड़ा

अपराधी किसी भी दल या वर्ग का हो, रियायत नहीं मिलेगी, टीआई दिलीप पुरी की शहादत पर बोले मंत्री जगदीश देवड़ा

प्रेषित समय :18:01:39 PM / Mon, Nov 2nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के देवास में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान के दौरान कर्तव्य निभाते हुए खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद राज्य सरकार ने कड़ा रुख अपनाया है। जबलपुर पहुंचे प्रदेश के आबकारी एवं देवास जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने दिवंगत टीआई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिलीप पुरी ने अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया है। उनका यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
                      श्री देवड़ा ने कहा कि अपराधी किसी भी दल, वर्ग या प्रभाव का हो, उसके खिलाफ कोई रियायत नहीं बरती जाएगी। आबकारी अधिनियम और संबंधित धाराओं के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें आजीवन कारावास से लेकर फांसी तक का प्रावधान शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार इस मामले पर बेहद गंभीर है और जांच में कोई ढील नहीं दी जाएगी। गौरतलब है कि अवैध शराब के परिवहन की  सूचना मिलने पर पुलिस की विभिन्न टीमें हाईवे पर वाहनों की जांच कर रही थीं। जांच के दौरान एक संदिग्ध आयशर ट्रक को रुकने का इशारा किया गया। तस्करों ने वाहन रोकने के बजाय टीआई दिलीप पुरी को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक उपेंद्र जैन खुद इस पूरी जांच की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। देवास पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-