महानगरी एक्सप्रेस का एस-2 कोच खराब, 120 यात्रियों को दूसरे डिब्बों में किया शिफ्ट; ढाई घंटे खड़ी रही ट्रेन

महानगरी एक्सप्रेस का एस-2 कोच खराब, 120 यात्रियों को दूसरे डिब्बों में किया शिफ्ट; ढाई घंटे खड़ी रही ट्रेन

प्रेषित समय :12:29:34 PM / Thu, Nov 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सतना. बनारस से मुंबई जा रही महानगरी एक्सप्रेस बुधवार को तकनीकी खराबी के चलते सतना स्टेशन पर करीब ढाई घंटे खड़ी रही. मानिकपुर और सतना के बीच ट्रेन के एस-2 कोच में हॉट एक्सल की समस्या सामने आई, जिसके बाद रेलवे ने कोच को अनफिट घोषित कर दिया. सुरक्षा के मद्देनजर सतना जंक्शन पर कोच को ट्रेन से अलग करने का निर्णय लिया गया.

ट्रेन नंबर 22178 बुधवार शाम 5:10 बजे सतना स्टेशन पहुंची. करीब 5:30 बजे रेलवे कर्मचारियों ने कोच की जांच की, जिसमें तकनीकी खराबी की पुष्टि हुई. इसके बाद एस-2 कोच हटाने और जबलपुर से दूसरा कोच मंगवाने के निर्देश दिए गए. कोच में सवार करीब 120 यात्रियों को एस-1 और एस-3 कोच में शिफ्ट किया गया. रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को जानकारी दी कि जबलपुर से नया कोच आने के बाद उसे ट्रेन में जोड़ा जाएगा. अचानक कोच बदलने की प्रक्रिया से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, हालांकि रेलवे ने इसे यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से जरूरी कदम बताया.

ढाई घंटे प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही महानगरी एक्सप्रेस

एस-2 कोच को ट्रेन से अलग करने की प्रक्रिया के कारण महानगरी एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर करीब ढाई घंटे तक खड़ी रही. इसका असर सतना स्टेशन से गुजरने वाली अन्य ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ा. रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस (12427) करीब पौने दो घंटे की देरी से सतना पहुंची. इस ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर लिया गया. वहीं, शटल और रीवा-इतवारी ट्रेन के प्लेटफॉर्म में भी बदलाव करना पड़ा.

शाम 5 से 7:30 बजे तक स्टेशन पर रही भीड़

महानगरी एक्सप्रेस के खड़े रहने, दूसरी ट्रेनों की देरी और प्लेटफॉर्म में बदलाव के चलते शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई. लिफ्ट और एस्केलेटर वाले पैदल पुल पर भी आवाजाही प्रभावित हुई. व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ और जीआरपी के जवानों को तैनात किया गया. सुरक्षा बलों ने यात्रियों को सही प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने और स्टेशन परिसर में भीड़ नियंत्रित करने की जिम्मेदारी संभाली.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-