स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के पहियों में लगी आग, टला बड़ा हादसा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के पहियों में लगी आग, टला बड़ा हादसा, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

प्रेषित समय :13:50:48 PM / Wed, Nov 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

डबरा. विशाखापट्टनम स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस के जनरल कोच के पहियों में बुधवार सुबह अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. ट्रेन के पहियों से चिंगारी निकलती देख रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन ने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी. इसके बाद ट्रेन को अनंतपेठ स्टेशन पर रोककर फायर इक्विपमेंट की मदद से आग पर काबू पाया गया. इस पूरी कार्रवाई के चलते ट्रेन करीब 35 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही. समय रहते गेटमैन की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया.

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ट्रेन नंबर 12804 बुधवार सुबह 5:15 बजे हजरत निजामुद्दीन से रवाना हुई थी. ग्वालियर स्टेशन पार करने के बाद जब ट्रेन अनंतपेठ स्टेशन की ओर बढ़ रही थी, तभी उसके पीछे से तीसरे नंबर के जनरल कोच के पहियों से चिंगारियां निकलने लगीं. रेलवे फाटक संख्या 400 पर तैनात गेटमैन ने यह नजारा देखकर तुरंत स्टेशन मास्टर को इसकी जानकारी दी. स्टेशन मास्टर ने तत्काल ट्रेन के गार्ड को सूचना दी. इसके बाद गार्ड ने लोको पायलट को ट्रेन रोकने के लिए कहा. सूचना मिलते ही ट्रेन को अनंतपेठ स्टेशन पर रोक दिया गया.

फायर इक्विपमेंट की मदद से बुझाई गई आग

ट्रेन के रुकते ही कोच से धुआं उठता देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई. कई यात्री नीचे उतरकर स्टेशन पर आ गए. कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. रेलवे कर्मचारियों ने स्टेशन और ट्रेन में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जनरल कोच के ब्रेक में घर्षण होने के कारण पहियों से चिंगारियां निकली थीं. रेलवे कर्मचारियों ने मौके पर ब्रेक की जांच कर उसे ठीक किया.

35 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही ट्रेन

रेलवे रिकॉर्ड के अनुसार, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस सुबह 10:29 बजे अनंतपेठ स्टेशन पहुंची और 11:04 बजे वहां से रवाना हुई. करीब 35 मिनट तक ट्रेन को रोककर मरम्मत और सुरक्षा जांच की गई. सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया. यात्रियों ने भी गेटमैन की तत्परता की सराहना की. उनका कहना था कि यदि समय रहते पहियों से निकलती चिंगारी पर ध्यान नहीं दिया जाता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी.

ब्रेक ब्लॉक होने से निकली थीं चिंगारियां

झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि जनरल कोच का ब्रेक ब्लॉक हो जाने के कारण पहियों में घर्षण हुआ और चिंगारियां निकलने लगी थीं. अनंतपेठ स्टेशन पर ट्रेन को रोककर ब्रेक रिलीज कर दिया गया. उन्होंने बताया कि ट्रेन में कोई अन्य तकनीकी खराबी नहीं थी. जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रूप से आगे रवाना कर दिया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-