जबलपुर. भारतीय रेलवे ने स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की रिपोर्ट जारी कर दी है. इसमें उत्तर मध्य रेलवे (NCR) ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है, जबकि पश्चिम मध्य रेलवे (WCR) तीसरे स्थान पर रहा. देश के सभी 18 जोनल रेलवे ने स्वच्छता अभियान के निर्धारित लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया है.
रेलवे की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान और 1 से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया गया. इस दौरान रेलवे परिसरों और आसपास के उपेक्षित एवं गंदे स्थानों को स्वच्छ और उपयोगी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, सभी 18 जोनल रेलवे ने मिलकर कुल 1,15,459 क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट (CTU) का कायाकल्प किया. यह निर्धारित लक्ष्य का 152.4 प्रतिशत है.
NCR ने लक्ष्य से 390 प्रतिशत अधिक किया काम
सीटीयू ट्रांसफॉर्मेशन में उत्तर मध्य रेलवे ने 3,500 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 13,648 स्थानों का कायाकल्प किया. यह लक्ष्य का 390 प्रतिशत है. इसी उपलब्धि के साथ NCR ने पहला स्थान हासिल किया.
दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) 3,100 के लक्ष्य के मुकाबले 7,619 स्थानों का कायाकल्प कर दूसरे स्थान पर रहा. वहीं, पश्चिम मध्य रेलवे ने 2,600 के लक्ष्य के मुकाबले 5,467 स्थानों को स्वच्छ और उपयोगी बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया. WCR की उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य का 210 प्रतिशत रही.
पूर्व मध्य रेलवे 17वें स्थान पर
स्वच्छता अभियान में पूर्व मध्य रेलवे (ECR) का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कमजोर रहा. 6,300 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले ECR ने 6,376 सीटीयू का ट्रांसफॉर्मेशन किया. यह लक्ष्य का 101 प्रतिशत है. इस प्रदर्शन के साथ पूर्व मध्य रेलवे 18 जोनल रेलवे में 17वें स्थान पर रहा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


