ऊना. हिमाचल के ऊना मुख्यालय में निर्माणाधीन सचिवालय में एक बड़ा हादसा हो गया है. दरअसल ट्रक से मार्बल उतारते समय 7 लोग पत्थर के नीचे दब गए. इस दौरान दो मजदूरों ने मौके पर दम तोड़ दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल बाकी पांच मजदूरों को सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया, इसमें से कुछ की हालत नाजुक है. जानकारी के मुताबिक, यह सभी प्रवासी मजदूर हैं.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से फौरी तौर पर राहत कार्य शुरू कर दिया था. हादसे में दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, तो बाकी पांच मजदूरों को पत्थर के नीचे से निकालकर सिविल हॉस्पिटल ऊना ले जाया गया. चिकित्सकों की टीम घायलों के उपचार में जुटी हुई है. बताया जा रहा है सभी पांचों लोगों की स्थिति अभी तक नाजुक बनी हुई है.
वहीं, घायल मजदूरों की पहचान तुला राम, शिवा, मोहन, केदारनाथ और शंकर के रूप में हुई है. शंकर बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है, तो बाकी चारों घायल छत्तीसगढ़ के बलौदा के एक गांव के रहने वाले हैं. जानकारी के मुताबिक, ये सभी लोग मिनी सचिवालय भवन निर्माण कार्य में लगे गए थे. इसी बीच आज सुबह मार्बल की गाड़ी अनलोड होने के लिए पहुंची थी. इस दौरान सात लोगों ने मार्बल उतारने का काम शुरू किया था. इस बीच हादसे में सभी पत्थर के नीचे दब गए. वहीं, बचाओ-बचाओ की आवाज सुनने के बाद अन्य साथी मजदूरों ने किसी तरह सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दो की मौत हो चुकी थी.
वहीं, ऊना के निर्माणाधीन मिनी सचिवालय भवन के हादसे की एएसपी ऊना विनोद धीमान ने पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मिनी सचिवालय के निर्माणाधीन भवन में मार्बल पत्थर उतारते समय हादसा पेश आया है. हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है. जबकि बाकी घायलों की स्थिति अभी नाजुक है. एक मजदूर को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है. वहीं, एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इसके अलावा एसडीएम निधि पटेल ने कहा कि मृतकों के स्वजनों को 25-25 हजार और घायलों को 10-10 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की गई है. जबकि वित्त आयोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती समेत अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने कहा कि निर्माणाधीन मिन्नी सचिवालय के लिए ठेकेदार द्वारा मार्बल लाया गया था, लेकिन मार्बल को उतारते समय यह हादसा पेश आ गया.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-हिमाचल प्रदेश: बर्फबारी के चलते मनाली-लेह हाईवे बंद, सरचू में ऑक्सीजन की कमी से एक पर्यटक की मौत
राज्यपाल ने किया डा. रचना गुप्ता की पुस्तक ‘देवधराः हिमाचल प्रदेश’ का विमोचन
हिमाचल प्रदेश में फिर हुई लैंडस्लाइड: देश व प्रदेश से टूटा किन्नौर का संपर्क
पीएम मोदी ने हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मियों से की चर्चा, कहा- न बरतें कोताही
हिमाचल प्रदेश में बादल फटा, कई वाहन बहे, राज्य में उफान पर नदियां
Leave a Reply