विशाखापत्तनम. आज से भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला शुरू हुआ है. भारतीय टीम फिलहाल 0-1 से पिछड़ रही है. हैदराबाद में खेले गए पहले टेस्ट में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था. इस मैच में भारत सीरीज में वापसी करने की कोशिश करेगा. दूसरा टेस्ट विशाखापट्टनम में खेला जा रहा है. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है. भारत ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक अपनी पहली पारी में छह विकेट गंवाकर 336 रन बना लिए हैं. यशस्वी जायसवाल 179 रन और रविचंद्रन अश्विन पांच रन बनाकर नाबाद हैं.
पहले दिन का खेल खत्म
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत ठीक ठाक रही थी. रोहित ने यशस्वी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी निभाई. वह 14 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद यशस्वी ने शुभमन गिल के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 49 रन की साझेदारी की.
शुभमन एक बार फिर फ्लॉप रहे और 34 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए. श्रेयस अय्यर 27 रन बनाकर कैच आउट हो गए. आउट होने से पहले उन्होंने श्रेयस ने यशस्वी के साथ 90 रन की साझेदारी निभाई. टेस्ट डेब्यू करने वाले रजत पाटीदार ने 32 रन की पारी खेली और दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए. उनकी यशस्वी के साथ 70 रन की साझेदारी हुई. फिर यशस्वी ने अक्षर के साथ 52 रन की साझेदारी की. अक्षर ने 27 रन बनाए.
वहीं, श्रीकर भरत 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे. यशस्वी फिलहाल 179 रन की पारी में 17 चौके और पांच छक्के लगा चुके हैं. भारतीय टीम शनिवार को 400+ रन बनाना चाहेगी. इंग्लैंड की ओर से अब तक शोएब बशीर और रेहान अहमद ने दो-दो विकेट लिए हैं. वहीं, जेम्स एंडरसन और टॉम हार्टले को एक-एक विकेट मिला है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-हैदराबाद टेस्ट : भारत को 14 साल बाद मिली हार, इंग्लैंड ने 28 रन से जीता मैच
#Politics दलबदल की 'सियासी वेश्यावृत्ति' रोकने के लिए नार्को टेस्ट जरूरी है?
टेस्ट मैच : फिर टूटा गाबा का घमंड; वेस्टइंडीज ने वर्ल्ड चैंपियन को उन्हीं के घर में धोया
IND vs ENG 1st Test: ओली पोप दोहरे शतक से चूके, भारत में खेली चौथी सबसे बड़ी टेस्ट पारी