पलपल संवाददाता, एमपी। मध्यप्रदेश के बालघाट, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, दमोह व छतरपुर में हुई सड़क दुर्घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं 11 लोगों के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। जिन्हे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल में भरती कराया गया है। जहां पर इन सभी के इलाज में डाक्टरों की टीम जुटी हुई है।
छतरपुर-
छतरपुर के महुटा गांव में रहने वाले दो युवक अशोक यादव उम्र 25 वर्ष व मोहित गौंड़ ट्रैक्टर लेकर बमोरी से महुटा गांव फसल की थ्रेसिंग के लिए निकले। जब वे गुगवारा-सेदरा रोड से आगे बढ़ रहे थे इस दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आकर दोनों युवक दबकर चीखते रहे, इस बीच ट्रैक्टर में आग लग गई और दोनों युवकों की जलने से मौत हो गई।
नरसिंहपुर-
गाडरवाजा जिला नरसिंहपुर के पलोहा गांव से बारात साईखेड़ा गई थी, बारात में शामिल होकर कुछ लोग कार से अपने घर जाने के लिए निकले। इस दौरान कार को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई। हादसे में ड्राइवर भूरा गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार राजेश गुर्जर उम्र 28 वर्ष, लकी 19 वर्ष, मधु गुर्जर 30 वर्ष व हाकम गुर्जर 50 वर्ष के शरीर पर गंभीर चोटें आई। जिन्हे उपचार के लिए नरसिंहपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
बालाघाट-
बालाघाट से कार सवार युवक एक शादी समारोह में खारा गांव गए थे। जहां से देर रात दो बजे के लगभग युवक अपने घर जाने के लिए निकले। कार जब खारा गांव से चिखला की ओर बढ़ रही थी। इस दौरान डम्पर व कार की आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। जिससे कार के परखच्चे उड़ गए, वहीं कार में सवार वीरेन्द्र भोयर 23 वर्ष, अमन उईके 22 वर्ष की मौत हो गई। वहीं नवीन उईके 21 वर्ष व राजकुमार पंद्रे 19 वर्ष के शरीर पर गंभीर चोटें आई।
दमोह-
दमोह के पटेरा स्थित राजाबंदी गांव में भारी वाहन ने मोटर साइकल को टक्कर मार दी। जिससे मोटर साइकल सवार दिलीप शर्मा उम्र 38 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके पिता ओमकार शर्मा 65 वर्ष व बेटे पीयूष के शरीर पर गंभीर चोटें आई। दुर्घटना उस वक्त हुई है जब दिलीप शर्मा रनेह गांव से हिंडोरिया लौट रहे थे। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया है।
नरसिंहपुर-
नरसिंहपुर के महुआखेड़ा में आज सोमवार को सुबह 7 बजे के लगभग ट्रैक्टर-ट्राली को जोडऩे वाला कुंदा अचानक टूट गया, जिससे ट्रैक्टर चालक गिर गया और सिर में गंभीर चोटें आई। लोगों ने घायल को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां पर चालक को डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मृतक की शिनाख्त महाराष्ट्र के जलगांव स्थित जामनेर तालुका निवासी ईश्वर चौहान उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है। वह गन्ने का काम करने के लिए महुआखेड़ा गांव आया था।
टीकमगढ़-
झांसी रोड पर मोटर साइकल सवार ने पैदल जा रहे रामसेवक नामक युवक को टक्कर मार दी। मोटर साइकल की टक्कर लगते ही रामसेवक उछलकर सामने की ओर गिरा, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोटर साइकल सवार व उसकी पत्नी, बच्चा गिरकर घायल हो गए। दुर्घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने शव रखकर हाईवे पर धरना-प्रदर्शन शुरु कर दिया। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने लोगों को कार्यवाही का आश्वासन दिया, इसके बाद लोगों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
एमपी में हुई 5 सड़क दुर्घटनाओं में 6 की मौत, थ्रेसर में टै्रक्टर पलटने से लगी आग, दो युवक जिंदा जले,
प्रेषित समय :17:41:39 PM / Mon, Mar 3rd, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर




