जबलपुर के युवकों पर जयपुर में फायरिंग, बदमाशों ने 8 किलोमीटर पीछा कर मारी गोली, एक घायल

जबलपुर के युवकों पर जयपुर में फायरिंग, बदमाशों ने 8 किलोमीटर पीछा कर मारी गोली, एक घायल

प्रेषित समय :14:30:26 PM / Mon, Mar 3rd, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर

पलपल संवाददाता, जबलपुर।  एमपी के जबलपुर में रहने वाले युवकों पर   राजस्थान के जयपुर में बदमाशों ने फायरिंग कर दी। फायरिंग में एक युवक अनुराग दुबे गोली लगने से घायल हो गया। जिसे जयपुर के ही एक निजी अस्पताल में भरती  कराया गया है। चारों युवक जबलपुर से खाटू श्याम व अजमेर दरगाह दर्शन करने के लिए गए थे। 
                              खबर है कि बापू नगर रांझी के चार युवक अनुराग दुबे उम्र 20 वर्ष, जीशान खान 23 वर्ष, अभिषेक मिश्रा 22 वर्ष व आशुतोषसिंह 22 वर्ष कार से राजस्थान पहुंचे। चारों युवक पहले अजमेर दरगाह व फिर खाटू श्यामजी के दर्शन करके जबलपुर के लिए रवाना हो गए। जयपुर के पहाड़पुर में जीशान ने पम्प पर रोककर कार में पेट्रोल भराया, इसके बाद अनुराग कार चलाने लगा। पेट्रोल पम्प से कुछ दूर पहुंचे ही थे कि पीछे से एक और कार आई और रोकने के लिए इशारा किया। अनुराग ने जैसे ही देखा तो कार की गति और बढ़ा दी। जिसपर बदमाशों ने फायरिंग शुरु कर दी, जिससे एक गोली अनुराग के कंधे में लगी। कार अनियंत्रित होती इससे पहले जीशान ने स्टेयरिंग सम्हाल लिया और भाग निकला। इसके बाद भी बदमाशों ने करीब आठ किलोमीटर तक पीछा किया, लेकिन टोलनाका आते ही कार सवार बदमाश दूसरे रास्ते से भाग निकले। जीशान किसी तरह थाना पहुंचा और पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। पुलिस ने घायल अनुराग को निजी अस्पताल पहुंचाकर बदमाशों की तलाश शुरु कर दी। वहीं हमले की खबर मिलते ही रांझी से युवकों के परिजन जयपुर पहुंच गए थे। पुलिस का ऐसा मानना है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से घटना को अंजाम दिया होगा। जिस कार में फायरिंग की है वह जीशान के चाचा रईस की है, जीशान यह कहकर कार ले गया था कि शहर में घूमकर लौट आएगा। लेकिन देर रात तक घर न जाने पर चाचा सहित परिवार के सभी लोग चिंतित हो गए थे, इस बीच जानकारी लगी कि जीशान अपने दोस्तों के साथ अजमेर गया है। इस बात को लेकर परिवार के सदस्य भी नाराज हुए थे। वहीं राजस्थान पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज निकालकर अब आरोपियों की तलाश में जुटी है। 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-