मध्यप्रदेश में बारिश का नया सिस्टम एक्टिव, जबलपुर, इंदौर, भोपाल संभाग में होगी वर्षा, आज 8 जिलों में अलर्ट

मध्यप्रदेश में बारिश का नया सिस्टम एक्टिव, जबलपुर, इंदौर, भोपाल संभाग में होगी वर्षा, आज 8 जिलों में अलर्ट

प्रेषित समय :11:02:49 AM / Sun, Sep 14th, 2025
Reporter : पलपल रिपोर्टर


जबलपुर/भोपाल। एमपी में बारिश का नया सिस्टम एक्टिव हो गया है। एक मानसून टर्फ प्रदेश के बीच में से गुजर रही है। इसके चलते इंदौर, भोपाल, जबलपुर और नर्मदापुरम संभाग में असर देखने को मिलेगा। 
                                  मौसम विशेषज्ञों की माने तो पिछले दिन मानसून टर्फ  की एक्टीविटी देखने को मिली। वहीं अन्य सिस्टम भी एक्टिव है। जिसके चलते अगले 24 घंटे के दौरान भी तेज बारिश होने के आसार है। प्रदेश में अब तक औसत 41.9 इंच बारिश हो चुकी है, जो कोटे से 11 प्रतिशत अधिक है। 30 से ज्यादा जिलों में सामान्य बारिश का कोटा फुल हो चुका है। मालवा-निमाड़ यानी इंदौर-उज्जैन संभाग में हाल बुरे हैं। 15 में से 5 जिले खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, शाजापुर और बड़वानी में 27 इंच पानी भी नहीं गिरा है।
अभी तक प्रदेश में कोटे से 4.4 इंच अधिक बारिश- 
प्रदेश में 16 जून को मानसून ने आमद दी थी। तब से अब तक औसत 41.9 इंच बारिश हो चुकी है। अब तक 34.5 इंच पानी गिरना था। इस हिसाब से 7.4 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। यह कोटा पिछले सप्ताह ही पूरा हो गया है। 4.9 इंच पानी ज्यादा गिर गया है। वहीं भोपाल, राजगढ़, रायसेन, विदिशा, अलीराजपुर, बड़वानी, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, मंडला, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, दतिया, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, रतलाम, मंदसौर, नीमच, आगर-मालवा, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, सतना और उमरिया में बारिश का कोटा फुल हो चुका है। कई जिले ऐसे हैं जहां आंकड़ा डेढ़ सौ प्रतिशत के पार है। श्योपुर में कुल 213 प्रतिशत पानी गिर चुका है।


ग्वालियर, चंबल-सागर सबसे बेहतर-
एमपी में जब से मानसून एंटर हुआए तब से पूर्वी हिस्से जबलपुर, रीवा, सागर व शहडोल संभाग में तेज बारिश हुई है। यहां बारिश के स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहे। छतरपुर, मंडला, टीकमगढ़, उमरिया सहित कई जिलों में बाढ़ आ गई। ग्वालियर-चंबल में भी मानसून जमकर बरसा है। यहां के सभी 8 जिलों में कोटे से ज्यादा पानी गिर चुका है। इनमें ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, भिंड, मुरैना, दतिया व श्योपुर शामिल हैं। 
गुना में 65 इंच बारिश, मंडला-श्योपुर दूसरे नंबर पर-
सबसे ज्यादा बारिश वाले टॉप-5 जिलों की बात करें तो गुना नंबर 1 पर है। यहां 65 इंच बारिश हो चुकी है। मंडला में 57.3 इंच, श्योपुर में 56.3 इंच, शिवपुरी में 54.3 इंच और अशोकनगर में 54.1 इंच पानी गिरा है। वहीं खरगोन में सबसे कम 25.7 इंच बारिश हो चुकी है। बुरहानपुर में 25.9 इंच, खंडवा में 26.8 इंच, शाजापुर में 26.8 इंच और बड़वानी में 26.9 इंच बारिश हुई है।

जबलपुर में 24 घंटे में साढ़े 8 इंच बारिश का रिकॉर्ड-
सितंबर महीने में जबलपुर में भी मानसून जमकर बरसता है। 20 सितंबर 1926 को जबलपुर में 24 घंटे के अंदर साढ़े 8 इंच बारिश का रिकॉर्ड है। वहीं पूरे महीने में 32 इंच बारिश साल 1926 को हो चुकी है। यहां महीने में औसत 10 दिन बारिश होती है। वहीं सामान्य बारिश साढ़े 8 इंच है। पिछले 3 साल से सामान्य से ज्यादा पानी गिर रहा है।

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-