जबलपुर. एमपी के जबलपुर जिला से करीब 40 किलोमीटर दूर कुंडम के ग्राम बिसनपुरा में गला काटकर की गई हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मामले में मृतक के भांजे सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. ये वारदात जादू-टोना के शक पर की गई थी.
उल्लेखनीय है कि 6 मार्च शुक्रवार की रात गांव के बाहर 50 वर्षीय भूरालाल यादव का शव सिर से अलग हालत में मिला था. सूचना मिलने पर कुंडम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
जांच के दौरान आज 7 मार्च शनिवार की सुबह पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया. आरोपियों ने बताया कि जादू-टोना और गाली देने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उन्होंने कुल्हाड़ी से भूरालाल की हत्या कर दी और शव को गांव के बाहर जंगल में फेंक दिया.
सिर कटी लाश देख फैली सनसनी
6 मार्च की शाम बिसनपुरा गांव के कुछ ग्रामीण टहलने निकले थे, तभी उन्होंने गांव के बाहर एक शव देखा, जिसका सिर और धड़ अलग-अलग पड़े थे. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना कुंडम थाना प्रभारी सतीश अंधवान को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, पंचनामा कार्रवाई कर जांच शुरू की. बाद में शव की पहचान गांव के ही 50 वर्षीय भूरालाल यादव के रूप में हुई, जो खेती के साथ-साथ आसपास के इलाकों में झाड़-फूंक और जादू-टोना करने का काम करता था.
2 दिन से लापता थे भूरालाल
मृतक के भाई नन्हेंलाल ने पुलिस को बताया कि भूरालाल 4 मार्च की दोपहर से लापता था. दोपहर में खाना खाने के बाद वह घर से निकला था, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटा. परिजनों ने उसे आसपास के गांवों में भी तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. दो दिन बाद ग्रामीणों से शव मिलने की जानकारी मिली. नन्हेंलाल के मुताबिक 4 मार्च की शाम को गांव के ही पिट्टी उर्फ संत कुमार, जो रिश्ते में भांजा लगता है, और मधु शाह से भूरालाल का विवाद हुआ था. संत कुमार को शक था कि उसके परिवार पर आई परेशानियों के पीछे भूरालाल का जादू-टोना है. इसी बात को लेकर दोनों ने भूरालाल को जान से मारने की धमकी भी दी थी.
घात लगाकर बैठे आरोपियों ने किया हमला
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भूरालाल अपने थैले में जादू-टोना का सामान लेकर दूसरे गांव जा रहा था. इसी दौरान घात लगाकर बैठे आरोपियों ने उस पर कुल्हाड़ी से दो बार गले पर वार किया, जिससे उसका सिर धड़ से अलग हो गया. वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
आरोपियों को किया गिरफ्तार
वारदात के बाद कुंडम थाना पुलिस ने भूरेलाल के परिजनों की शिकायत के आधार पर पिट्टी लाल और संत कुमार के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए उनकी तलाश शुरू की. पुलिस ने शनिवार सुबह दोनों आरोपियों को डेम के पास से गिरफ्तार किया है. पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि बिसनपुरा गांव निवासी भूरा लाल यादव जादू टोना और झाड़ फूंक किया करता था, जिससे कुछ लोग ठीक हुए थे, कुछ लोगों को लगता था कि यह घरों को बर्बाद कर रहा है. संत कुमार जो कि मृतक का भांजा भी लगता है, उसे शक था कि उसके कारण ही घर पर कलह आ रही है. सभी लोग बीमार पड़े है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


