कांचघर रोड बंद, हजारों लोग हो रहे परेशान, रेलवे की भी जताई आपत्ति, स्टाफ ड्यूटी पर कैसे पहुंचेंगे

कांचघर रोड बंद, हजारों लोग हो रहे परेशान, रेलवे की भी जताई आपत्ति, स्टाफ ड्यूटी पर कैसे पहुंचेंगे

प्रेषित समय :12:37:17 PM / Sun, Apr 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर में अमृत जल योजना 2.0 के तहत हर घर नर्मदा जल पहुंचाने के लिए इन दिनों पाइप लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है. इसी के तहत रेलवे के पुल नंबर 1 से कांचघर रोड पर पिछले 3 माह से कार्य किये जाने से यह मार्ग पूरी तरह से ठप है. जिससे इस मार्ग से आवागमन करने वाले हजारों लोग परेशान हो रहे हैं. अब यह काम बजरंग कालोनी से आगे कोचिंग डिपो के सामने तक जा पहुंचा है, रेलवे ने अब आपत्ति उठाई है कि मार्ग बंद होने से अधिकारी-कर्मचारी ड्यूटी पर कैसे जायेंगे व लौटेंगे.
रेलवे कॉलोनी बजरंग नगर से कांचघर चौक की तरफ भी अमृत योजना 2.0 के तहत पाइपलाइन बिछाई जा रही है. जिसके कारण सड़क खोदी जा रही है. जहां पाइपलाइप लाइन बिछा दी गई वहां अब तक रेस्टोरशन कार्य नहीं कराया गया. सामान्य मौसम में इस मार्ग पर धूल के गुबार उड़ रही है.

आरपीएफ मौके पर पहुंची

पिछले दो दिनों से काम बजरंग कालोनी से अधिकारियों की कालोनी रैल सौरभ जाने वाले मार्ग के सामने से होते हुए कोचिंग डिपो के मुख्य गेट तक पहुंच रहा है, तब रेल प्रशासन हरकत में आया और सड़क बंद होने से होने वाली परेशानी की ओर आपत्ति जताई है. पिछले दो दिनों से रेल सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी भी मौके पर पहुंच रहे हैं और काम रोकने का कह रहे हैं, लेकिन इस कार्य को देख रहे अधिकारी ने काम रोकने से स्पष्ट मना कर दिया है.

रांझी तक बिछाई जा रही पाइपलाइन

विदित हो कि अमृत योजना 2.0 के तहत गौरीघाट के ललपुर से रांझी तक राइजिंग मेनलाइन बिछाई जा रही है. करीब 20 किमी तक बिछाई जाने वाली पाइपलाइन के लिए सड़कों की खोदाई की जा रही है. योजना का उद्देश्य शहर के एक लाख से अधिक घरों तक नर्मदा जल पहुंचाना है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-