जबलपुर में माइनिंग टीम की दबिश से मची भगदड़, अवैध रेत खनन कर रहे युवक ने दहशत में लगाई नदी में छलांग, मौत

जबलपुर में माइनिंग टीम की दबिश से मची भगदड़, अवैध रेत खनन कर रहे युवक ने दहशत में लगाई नदी में छलांग, मौत

प्रेषित समय :17:34:18 PM / Mon, Apr 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में जमतरा स्थित खिरैनी घाट में रेत का अवैध खनन कर रहे लोगों में आज दोपहर दो बजे के लगभग भगदड़ मच गई, जब माइनिंग, जिला प्रशासन की टीम ने दबिश दी। भगदड़ के दौरान एक युवक ने बचने के लिए नर्मदा नदी में छलांग लगा दी, जिसकी डूबने से मौत हो गई। घटना को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन शुरु कर दिया। 
                                      बताया गया है कि जमतरा के खिरैनी घाट पर गांव के कुछ लड़कों द्वारा रेत उत्खनन किया जा रहा था। इसी दौरान मौके पर एसडीएम एवं माइनिंग विभाग की टीम द्वारा दबिश दी गई। चार से पांच लड़के तो भाग गए, लेकिन एक युवक मानक वर्मा 25 वर्ष निवासी ग्राम जमतरा को पुलिस ने घेर लिया। दहशत में आकर वह नर्मदा में कूद गया था। कुछ देर बाद घाट किनारे उसका शव मिला। घटना की जानकारी जैसे ही ग्रामीणों को लगी तो बड़ी संख्या में लोग घाट पहुंचे, जहां उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े खनन माफियाओं को पुलिस-प्रशासन संरक्षण देती है, पर वो लोग जो बोरी से रेत निकालते हैं तो उन्हें आए दिन पकडऩे के लिए आती है। इसके बाद ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन किया, तनाव के माहौल को देखते हुए बरेला सहित रांझी, गोराबाजार,खमरिया थाना पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को शांत कराने में जुटा रहा। ग्रामीणों ने टीम की गाडिय़ों की हवा भी निकाल दी और लाठी बरसाने का आरोप भी लगाया। पुलिस ने बमुश्किल ग्रामीणों को समझाया और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग माने और शव को पीएम के लिए मेडिकल कालेज रवाना किया।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-