जबलपुर पुलिस की कार का पहिया प्रयागराज में निकला, नाबालिग को बिहार से लाते समय घटना, पुलिसकर्मी व बच्ची सुरक्षित

जबलपुर पुलिस की कार का पहिया प्रयागराज में निकला, नाबालिग को बिहार से लाते समय घटना, पुलिसकर्मी व बच्ची सुरक्षित

प्रेषित समय :12:51:57 PM / Mon, Apr 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. यूपी के प्रयागराज में मध्यप्रदेश के जबलपुर की पुलिस की एक गाड़ी सोमवार की सुबह ओवरब्रिज पर हादसे का शिकार हो गई. चलती गाड़ी का पिछला पहिया निकल गया, ड्राइवर की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी और नाबालिग बच्ची सुरक्षित हैं.

यह घटना सोमवार 27 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे की है. जैसे ही गाड़ी ओवरब्रिज पर पहुंची, ड्राइवर साइड का पिछला पहिया अचानक निकल गया. ड्राइवर ने तुरंत ब्रेक लगाकर गाड़ी को नियंत्रित किया और वहीं रोक दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यदि गाड़ी कुछ फीट और आगे बढ़ती तो ओवरब्रिज से नीचे गिर सकती थी.

बिहार गई थी पुलिस टीम, वापसी में हादसा

जानकारी के अनुसार, जबलपुर में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के लापता होने की शिकायत लार्डगंज थाना में दर्ज कराई गई थी. तलाश के दौरान पता चला कि बच्ची बिहार में रिश्तेदार के यहां है. इसके बाद एएसआई राजेश वर्मा, महिला आरक्षक सरिता ठाकुर और चालक उमेश यादव की टीम करीब 800 किलोमीटर का सफर तय कर बिहार पहुंची और बच्ची को सकुशल बरामद किया. बच्ची को लेकर टीम रविवार देर रात जबलपुर के लिए रवाना हुई थी. वापसी के दौरान प्रयागराज में यह हादसा हो गया. गाड़ी में दो पुलिसकर्मी, नाबालिग बच्ची और चालक सवार थे. घटना की सूचना जबलपुर पुलिस को भी दे दी गई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-