दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चलती कार में आग लगने से एमपी के 5 लोग जिंदा जले, वैष्णो देवी से लौट रहे थे श्रद्धालु

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर चलती कार में आग लगने से एमपी के 5 लोग जिंदा जले, वैष्णो देवी से लौट रहे थे श्रद्धालु

प्रेषित समय :11:06:24 AM / Thu, Apr 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बीती रात एक दुखद हादसा सामने आया है. अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के मौजपुर के समीप एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई. आग इतनी भीषण थी कि कार सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला. 

इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों के कार के भीतर ही जिंदा जलने से मौत हो गई. कार में आग लगते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई, लेकिन जब तक मदद पहुँचती, तब तक सब कुछ राख हो चुका था.

जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले के रहने वाले थे. ये सभी लोग जम्मू-कश्मीर स्थित माता वैष्णो देवी के दर्शन कर अपने घर वापस लौट रहे थे. खुशियों भरा सफर लक्ष्मणगढ़ के पास पहुँचते ही मातम में बदल गया. फिलहाल मृतकों की स्पष्ट पहचान नहीं हो पाई है, पुलिस शिनाख्त के प्रयास कर रही है.

चालक ने कूदकर बचाई अपनी जान

हादसे के वक्त कार की रफ्तार तेज थी. जैसे ही कार में आग की लपटें उठीं, कार चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए और बड़ी मशक्कत के बाद चलती कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. हालांकि, वह अपने साथियों को बाहर निकालने में सफल नहीं हो सका. चालक की आंखों के सामने ही उसके साथी आग की लपटों में घिर गए.

पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद

हादसे की सूचना मिलते ही लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुँची. परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा. कार में आग लगने का कारण जांच के बाद ही चल सकेगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-