जबलपुर।/इंदौर। एमपी के इंदौर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल की पांचवी मंजिल से गिरे पीजी डाक्टर अमन पटेल की मौत हो गई। हॉस्टल परिसर में डाक्टर अमन की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमाार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। मृतक डाक्टर अमन पटेल जबलपुर के रहने वाले थे, इस बात की खबर मिलते ही परिजन व रिश्तेदार इंदौर के लिए रवाना हो गए।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जबलपुर निवासी अमन पटेल उम्र 30 वर्ष एमजीएम मेडिकल कालेज के मेडिसिन विभाग में फाइनल ईयर पीजी स्टूडेंट थे, कुछ ही महीनों में अमन का कोर्स पूरा होने वाला था। बीती देर रात दो बजे के लगभग एमजीएम बॉयज हॉस्टल की पांचवी मंजिल से गिरने से अमन की मौत हो गई। कुछ देर बाद हास्टल परिसर के ब्लॉक नंबर 5 के पास डॉक्टर की खून से लथपथ हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। देखते ही देखते साथी डाक्टर सहित अन्य लोग एकत्र हो गए। घटना की खबर मिलते ही संयोगिता गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिन्होने पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। वहीं घटना की खबर मिलते ही जबलपुर में उनके परिजन व रिश्तेदार इंदौर के लिए रवाना हो गए थे। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या और हादसे दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर से की थी एमबीबीएस की पढ़ाई-
पुलिस को पूछताछ में एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि डॉ. अमन पटेल शांत, होनहार और समर्पित छात्र थे। उन्होने एमबीबीएस की पढ़ाई जबलपुर से की थी, वे जबलपुर के ही रहने वाले थे। उनके निधन से कॉलेज और चिकित्सा क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जबलपुर के जूनियर डाक्टर की इंदौर में मौत, एमजीएम मेडिकल कालेज में हादसा, पांचवी मंजिल से गिरा
प्रेषित समय :16:10:20 PM / Mon, May 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर





