जबलपुर। एमपी के जबलपुर में जबलपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की सम्पति अधिकारी रीति सोनवे को शेयर बाजार के नाम पर निवेश कराकर शुभम श्रीवास्तव ने 11 लाख रुपए ठग लिए गए। रीति सोनवे ने जब मूल राशि व लाभांश लौटाने के लिए कहा तो उसके साथ युवक ने टाल मटोल करना शुरु कर दिया। यहां तक कि धमकी देते हुए रुपए वापस न करने की बात कही। महिला ने मामले की शिकायत ओमती थाना में की, जिसपर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार तिलहरी दत्त टाउनशिप निवासी रीति सोनवे उम्र 40वर्ष मूल रुप से कलेक्ट्रेट कार्यालय में पदस्थ है। वे वर्तमान में प्रतिनियुक्ति पर जेडीए में सम्पत्ति अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। कलेक्ट्रेट में तैनाती के दौरान उनकी मुलाकात वहां के लोकसेवा केंद्र में काम करने वाले आउटसोर्स कर्मचारी शुभम श्रीवास्तव से हुई थी। शुभम ने खुद को शेयर ट्रेडिंग का विशेषज्ञ बताया और दावा किया कि यदि वे शेयर मार्केट में पैसा लगाती हैं, तो उन्हें हर 1 लाख रुपए पर 5 प्रतिशत का पक्का मुनाफा मिलेगा। उसकी बातों पर भरोसा करके रीति और उनके पति गगन बख्शी ने शुभम के साथ एक लिखित एग्रीमेंट किया और इसके बाद अलग-अलग किस्तों में कुल 11 लाख रुपए शुभम को सौंप दिए। समय पूरा होने पर जब महिला ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी लगातार बहाने बनाने लगा। पीडि़ता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि शुभम ने इस धोखाधड़ी की रकम से शहर में कई संपत्तियां खरीदी हैं। जब भी वे उससे अपने पैसे वापस मांगती थीं, तो वह उन्हें वॉट्सऐप कॉल के जरिए गंभीर अंजाम भुगतने की धमकियां देता था। पैसे डूबने और लगातार मिल रही धमकियों से तंग आकर उन्होंने पुलिस प्रशासन की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।
जबलपुर विकास प्राधिकरण की सम्पति अधिकारी के साथ 11 लाख रुपए की ठगी
प्रेषित समय :03:43:37 AM / Thu, May 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर





