जबलपुर : होटल में बहसबाजी का बदला बदमाशों ने रिछाई में वकील के मकान परिसर में बमबाजी कर लिया, एफआईआर दर्ज

जबलपुर : होटल में बहसबाजी का बदला बदमाशों ने रिछाई में वकील के मकान परिसर में बमबाजी कर लिया, एफआईआर दर्ज

प्रेषित समय :13:36:03 PM / Fri, Jun 12th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. रांझी थाना क्षेत्र की अंजलि कॉलोनी में गुरुवार रात सफेद एक्सिस स्कूटर पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने एक घर पर ताबड़तोड़ बम फेंककर सनसनी फैला दी. यह हमला सिविल लाइन स्थित एक होटल में हुए विवाद का बदला लेने के लिए होटल कर्मचारी मट्टू समद को निशाना बनाकर किया गया था. 

नशे में धुत आरोपी समर सोनकर, अरमान चौहान और हर्ष ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. गनीमत रही कि हमले के दौरान फेके गए बम मट्टू समद के घर के बजाय पड़ोस में रहने वाले वकील संतोष भारती के मकान परिसर में जा गिरे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन तेज धमाकों से पूरे रिछाई इलाके में भयंकर दहशत फैल गई.

बताया जाता है कि इसवारदात की शुरुआत गुरुवार शाम को सिविल लाइन इलाके की एक होटल से हुई थी. वहां समर सोनकर, अरमान चौहान और उनके साथी एक कमरा किराए पर लेकर रुके थे. ये सभी आरोपी अत्यधिक नशे की हालत में होटल परिसर के भीतर जोर-जोर से हंगामा मचा रहे थे और अभद्र गाली-गलौज कर रहे थे. वहां तैनात होटल कर्मचारी मट्टू समद ने जब स्थिति को भांपते हुए उन्हें शांत रहने और शालीनता बरतने की सलाह दी, तो आरोपी भड़क गए. उन्होंने मट्टू समद पर बेल्ट से जानलेवा हमला कर दिया और जमकर मारपीट की. होटल के अन्य स्टाफ ने बीच-बचाव कर किसी तरह तीनों को परिसर से बाहर निकाला, जिसके बाद बदमाशों ने मट्टू समद को रास्ते से हटाने की धमकी दी. इस घटनाक्रम के बाद होटल प्रबंधन ने तत्काल सिविल लाइन थाने में आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवा दी थी.

सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान

होटल की ड्यूटी खत्म होने के बाद रात में पीडि़त कर्मचारी मट्टू समद रांझी के रिछाई स्थित अंजलि कॉलोनी में अपने घर पहुंचा था. उसके कुछ देर बाद ही सफेद दुपहिया वाहन से चारों हमलावर वहां धमक पड़े और एक के बाद एक कई देसी बम चला दिए. धमाकों की गूंज सुनकर स्थानीय निवासी घरों से बाहर आ गए और सड़क पर धुएं का गुबार छा गया. सूचना मिलते ही सीएसपी सतीश साहू और रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल क्षेत्र की नाकेबंदी कर आसपास के घरों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बापू नगर निवासी समर, हर्ष और अरमान स्कूटर पर बम ले जाते और फेंकते हुए साफ नजर आ रहे हैं. रांझी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-