जबलपुर। एमपी के जबलपुर में गोरखपुर स्थित राजू ड्यूपलैक्स में सनसनीखेज घटनाक्रम सामने आया है। यहां पर दीपेश राठौर नामक युवक ने अपनी बिजनिस पार्टनर महिला शक्ति कोहली की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दोनों के बीच रुपयों व कारोबार को लेकर झगड़ा हुआ था। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो देखा कि दोनों खून से लथपथ हालत में पड़े मिले थे। दोनों ने कुछ समय पहले पार्टनरशिप में एक ब्यूटी पार्लर सेंटर शुरू किया था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गोरखपुर स्थित राजू ड्यूपलैक्स में आज दोपहर के वक्त शक्ति कोहली बैठी थी। इस दौरान दीपेश वहां पहुंचा, दोनों के बीच कारोबार व रुपयों को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दीपेश ने पिस्टल से शक्ति को गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद दीपेश ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तो दोनों मृत मिले। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। एफएसएल टीम साक्ष्य जुटा रही है।
पुलिस ने दोनों के मोबाइल किए जब्त-
मौके से हथियार सहित अन्य सामग्री जब्त की गई है। पुलिस दोनों के मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
परिजन बोले, युवक पर आपराधिक केस दर्ज थे-
महिला शक्ति के जीजा शरद जाटव ने बताया कि दीपेश राठौर पहले फर्नीचर का व्यवसाय करता था। उसने शक्ति को यह कहकर भरोसे में लिया था कि वह ब्यूटी पार्लर का आकर्षक इंटीरियर डिजाइन करेगा और उसे जबलपुर का सबसे अच्छा पार्लर बनाएगा। इसी दौरान दोनों के बीच पार्टनरशिप हुई। पिछले 6 से 7 महीनों से लगातार बिजनेस को लेकर मुलाकातें हो रही थीं। बाद में जब दीपेश राठौर के बारे में जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि उसका आपराधिक रिकॉर्ड है। वह एक रेप केस में जेल भी जा चुका है। इसके बाद शक्ति को एहसास हुआ कि दीपेश सही व्यक्ति नहीं है। उसने उससे दूरी बनाना शुरू कर दी थी।
जबलपुर बिजनेस पार्टनर महिला की गोली मारकर हत्या, फिर युवक ने खुद को भी गोली मारी, कमरे में मिले दोनों के शव
प्रेषित समय :18:21:39 PM / Mon, Jun 15th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




