जबलपुर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, 3000 से ज्यादा जवान तैनात, योग दिवस, आरडीवीवी दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

जबलपुर पहुंची राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, 3000 से ज्यादा जवान तैनात, योग दिवस, आरडीवीवी दीक्षांत समारोह में होंगी शामिल

प्रेषित समय :20:08:07 PM / Sat, Jun 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम अपने दो दिवसीय प्रवास पर जबलपुर पहुंच गई हैं. वे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से पश्चिम बंगाल के कलाईकुंडा एयरपोर्ट से डुमना एयरपोर्ट पहुंचीं. डुमना एयरपोर्ट पर राज्यपाल मंगुभाई पटेल उनका स्वागत किया.  इस दौरान उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार सहित पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

महामहित राष्ट्र्रपति के आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं. सुरक्षा व्यवस्था के तहत करीब 3000 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं. डुमना एयरपोर्ट से सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे रूट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है. राष्ट्रपति शनिवार रात सर्किट हाउस क्रमांक-1 में विश्राम करेंगी.

सुबह योग दिवस कार्यक्रम में होंगी शामिल-

रविवार 21 जून को राष्ट्रपति सुबह 7.05 बजे सर्किट हाउस से सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड के लिए रवाना होंगी. वे सुबह 7.20 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगी और सुबह 7.30 बजे से आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा और स्वास्थ्य तथा योग के महत्व का संदेश दिया जाएगा. योग दिवस कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति सुबह 8.35 बजे गैरिसन ग्राउंड से वापस सर्किट हाउस लौटेंगी.

दीक्षांत समारोह में देंगी उपाधियां और स्वर्ण पदक-

इसके बाद राष्ट्रपति सुबह 11.30 बजे सर्किट हाउस से रवाना होकर 11.40 बजे रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय पहुंचेंगी. यहां वे सुबह 11.50 बजे से दोपहर 12.50 बजे तक आयोजित विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी. समारोह के दौरान अलग-अलग संकायों के विद्यार्थियों को उपाधियां और स्वर्ण पदक दिए जाएंगे. हालांकि दीक्षांत समारोह को लेकर पहले से विवाद भी चल रहा है, क्योंकि कई शोधार्थियों और स्वर्ण पदकधारियों ने मंच पर सम्मान नहीं मिलने को लेकर विरोध दर्ज कराया है.

दोपहर में ग्वालियर के लिए रवाना होंगी-

दीक्षांत समारोह के समापन के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12.50 बजे विश्वविद्यालय से डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी. वे दोपहर 1.10 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगी और दोपहर 1.20 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगी.

प्रशासन के लिए री-नीट बना दोहरी चुनौती-

रविवार को जबलपुर प्रशासन के सामने दोहरी चुनौती रहेगी. एक ओर राष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था संभालनी है, वहीं दूसरी ओर री-नीट परीक्षा भी आयोजित करानी है. जिले में नीट परीक्षा के लिए 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10 हजार से ज्यादा विद्यार्थी परीक्षा देंगे. राज्य सरकार के निर्देश पर परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी कलेक्टर को सौंपी गई है.

15 किलोमीटर क्षेत्र नो फ्लाई जोन घोषित-

राष्ट्रपति के जबलपुर प्रवास को देखते हुए सुरक्षा कारणों से डुमना विमानतल, सर्किट हाउस क्रमांक-1, एमईएस रेस्ट हाउस, गैरिसन ग्राउंड, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय और पूरे वीवीआईपी रूट के 15 किलोमीटर दायरे को नो फ्लाई जोन घोषित किया गया है. पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के प्रतिवेदन पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने यह आदेश जारी किया है. प्रतिबंधित क्षेत्र में ड्रोन, यूएवी, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, पतंग और अन्य उडऩे वाली वस्तुओं के संचालन पर पूरी तरह रोक रहेगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-