जबलपुर। एमपी के जबलपुर स्थित गोहलपुर क्षेत्र में देर रात पशु अवशेषों और हड्डियों से भरा एक पिकअप वाहन पकड़ा गया। हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने गाड़ी को रोककर पुलिस को सूचना दी। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि पिकअप में गौवंश के अवशेष ले जाए जा रहे थे।
सूचना मिलने पर गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को जब्त कर लिया। ड्राइवर से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह हड्डियां और पशु अवशेष भेड़ाघाट स्थित नर्मदा जिलेटिन फैक्ट्री लेकर जा रहा था। ड्राइवर के मुताबिक फैक्ट्री में मृत पशुओं की हड्डियों का उपयोग किया जाता है। इधर, नर्मदा जिलेटिन फैक्ट्री प्रबंधन ने इस खेप से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें इस पिकअप और उसमें रखे सामान की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने पिकअप में मिले पशु अवशेषों और हड्डियों को जांच के लिए भेज दिया है। अब विशेषज्ञों की रिपोर्ट से पता चलेगा कि ये अवशेष किस जानवर के हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी। यदि अवैध पशु वध या तस्करी की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक शांति बनाए रखने की अपील कर रही है।
जबलपुर में पशुओं की हड्डियों से भरा पिकअप वाहन जब्त, हिंदू संगठनों ने घेरकर रोका, किया हंगामा
प्रेषित समय :19:34:58 PM / Wed, Jun 24th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




