जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू किए जाने की खबर से हड़कप

जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में धारा 52 लागू किए जाने की खबर से हड़कप

प्रेषित समय :15:42:53 PM / Mon, Jul 27th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में व्यापक गड़बडिय़ों को लेकर राजभवन द्वारा सख्त रवैया अपनाया गया है। राज्यपाल सचिवालय ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों की उच्च स्तरीय जांच कराने के निर्देश मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग को दिए हैं। इसके साथ ही राजभवन ने कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करते हुए धारा 52 लागू किए जाने के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने के स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं।
                         खबर है कि ऐसा पहली बार हो रहा है कि जब राजभवन ने सीधे तौर पर धारा 52 लगाने के लिए राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग को इस तरह के सख्त निर्देश दिए हैं। राज्यपाल के उप सचिव कार्यालय से जारी आधिकारिक पत्र क्रमांक 574/रास/्यू.ए.-2/2026 के माध्यम से मध्य प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है। बताया जाता है कि 20 जून को राजभवन को एक विस्तृत शिकायत पत्र प्राप्त हुआ था। पत्र में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों में व्यापक स्तर पर गड़बडिय़ों व अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए एक उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच समिति गठित करने की मांग की गई थी। इसके साथ ही शिकायतकर्ता ने विश्वविद्यालय के सुचारू संचालन एवं पारदर्शी व्यवस्था हेतु विश्वविद्यालय अधिनियम की धारा 52 लागू करने और वर्तमान कुलगुरु प्रो. राजेश वर्मा के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने का पुरजोर अनुरोध किया था। राजभवन द्वारा उक्त शिकायत के मूल पत्र को संलग्न कर उच्च शिक्षा विभाग को नियमानुसार कार्रवाई हेतु अग्रसारित किए जाने के बाद से विश्वविद्यालय के प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। 
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-