जबलपुर के बाई का बगीचा क्षेत्र में युवक की नृशंस हत्या, प्रॉपर्टी विवाद पर बदमाशों ने मिलकर किया हमला

जबलपुर के बाई का बगीचा क्षेत्र में युवक की नृशंस हत्या, प्रॉपर्टी विवाद पर बदमाशों ने मिलकर किया हमला

प्रेषित समय :20:40:45 PM / Sun, Jul 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में बेलबाग स्थित बाई का बगीचा के पास आज शाम प्रापर्टी को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने विशाल नामक युवक की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। सरेराह हुई वारदात से क्षेत्र में अफरातफरी व चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर विशाल का भाई बीच बचाव करने आया तो उसपर भी हमला किया गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, जिन्होने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं अन्य की तलाश की जा रही है। 
                                          पुलिस के अनुसार बाई का बगीचा घमापुर क्षेत्र में रहने वाले विशाल नामक युवक का क्षेत्र के कुछ बदमाशों से प्रापर्टी को लेकर विवाद चल रहा है। आज शाम दोनों ही पक्ष आमने सामने हो गए, जिनके बीच विवाद हो गया, विवाद कुछ ही पल में खूनी संंघर्ष में तब्दील हो गया। जिसपर सावन सोनकर, रेयांश रैकवार, बल्लू और साहिल  ने मिलकर विशाल पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में विशाल के शरीर पर गंभीर चोटें आई। हमला होते देख भाई बीच बचाव करने आया तो उसपर भी हमला किया गया। सरेराह घटना होते देख आसपास के लोगों में चीख पुकार अफरातफरी मच गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और विशाल को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मौके से ही सावन सोनकर और रेयांश रैकवार को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और पुरानी रंजिश के पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-