जबलपुर। एमपी के जबलपुर में कटंगी स्थित हिरन नदी के पुल के पास एक युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। ्रस्थानीय लोगों ने नदी में शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की और पहचान के प्रयास शुरू किए।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष, रंग सांवला और चेहरा गोल है। उसने काले रंग की फुल टी-शर्ट और काली पैंट पहन रखी है। टी-शर्ट पर अंग्रेजी के बड़े अक्षरों में 'जस्ट फॉर यू लिखा हुआ है। पानी में काफी समय रहने के कारण शव फूल गया है। मृतक की कलाई पर राखी बंधी मिली है। शव के पास से कोई पहचान पत्र या अन्य ऐसा सामान नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और निकटवर्ती गांवों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों के आधार पर परिजनों से संपर्क कर रही है। कटंगी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि हुलिए, कपड़ों या कलाई पर बंधी राखी के आधार पर यदि कोई व्यक्ति मृतक को पहचानता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दे।
जबलपुर की हिरन नदी में मिली युवक की लाश, टी-शर्ट पर जस्ट फॉर यू, कलाई पर बंधी राखी
प्रेषित समय :14:38:00 PM / Mon, Sep 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




