जबलपुर : तिलहरी डीमार्ट के सामने अंडे की दुकान पर विवाद, मारपीट से बचने भागा युवक नाले में डूबा, मौत, 3 पकड़ाये

जबलपुर : तिलहरी डीमार्ट के सामने अंडे की दुकान पर विवाद, मारपीट से बचने भागा युवक नाले में डूबा, मौत, 3 पकड़ाये

प्रेषित समय :11:11:32 AM / Sun, Sep 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. देर रात करीब 1 बजे तिलहरी डीमार्ट के सामने अंडे की दुकान लगाने वालों से दो युवकों का विवाद हो गया. कुछ ही देर में तीन-चार युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और दोनों से मारपीट शुरू कर दी. आरोपियों से बचने के लिए भागते समय एक युवक खंदारी नाले में गिर गया. पानी अधिक होने के कारण उसकी डूबने से मौत हो गई.

जानकारी मिलते ही गोराबाजार और कैंट थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने करीब दो से तीन घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को नाले से बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा. पुलिस ने सिकंदर सहित तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, गोराबाजार निवासी अर्जुन अपने साथी रूपेंद्र के साथ रात करीब 12 से 1 बजे तिलहरी डी-मार्ट के पास अंडे खाने गया था. यहां सिकंदर अंडे की दुकान लगाता है. पैसों के लेनदेन को लेकर अर्जुन और सिकंदर के बीच विवाद हो गया. कुछ ही देर में सिकंदर के तीन साथी और पहुंच गए और अर्जुन व रूपेंद्र के साथ मारपीट करने लगे.

भागते समय नाले में गिरा, डूबने से मौत

मारपीट से बचने के लिए अर्जुन सड़क पार कर भागने लगा. अंधेरा होने के कारण उसे आगे का रास्ता दिखाई नहीं दिया और वह सीधे खंदारी नाले में जा गिरा. नाले में पानी अधिक होने से वह डूब गया. अर्जुन का साथी रूपेंद्र किसी तरह गोराबाजार थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी. इसके बाद सीएसपी उदयभान बागरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नाले में अर्जुन की तलाश शुरू कराई. करीब दो से तीन घंटे की मशक्कत के बाद अर्जुन को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

सीएसपी उदयभान बागरी का कहना है कि अर्जुन के साथ मारपीट करने वाले तीन युवकों को देर रात ही अभिरक्षा में ले लिया गया है, जबकि कुछ अन्य की तलाश जारी है. शुरुआती जांच में पता चला है कि अर्जुन अपने साथी रूपेंद्र के साथ अंडे खाने गया था. इसी दौरान विवाद हुआ और सिकंदर नाम के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर डंडों से मारपीट की.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-