जबलपुर के रानीताल में ई-बस का कहर, दो लग्जरी कार को मारी टक्कर, मची चीख पुकार, भगदड़

जबलपुर के रानीताल में ई-बस का कहर, दो लग्जरी कार को मारी टक्कर, मची चीख पुकार, भगदड़

प्रेषित समय :19:17:19 PM / Mon, Sep 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


 
जबलपुर। एमपी के जबलपुर में रानीताल पेट्रोल पम्प के पास आज उस वक्त भगदड़ व चीख पुकार मच गई। जब अनियंत्रित होकर ई-बस ने सड़क किनारे खड़ी दो लग्जरी कारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस भयंकर टक्कर में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था।
                          प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब दो बजे ई-बस एमपी 20 एक्सएच 0269 रानीताल से यातायात तिराहा की ओर तेज रफ्तार में जा रही थी। जैसे ही बस रानीताल पेट्रोल पंप के पास स्थित खतरनाक मोड़ पर पहुँची, सड़क किनारे खड़ी एक एसयूवी एमपी 07 जेडएन 9520 और एक अन्य कार (एमपी 20 एक्सडी 3056) से उसकी भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी का अगला हिस्सा और हेडलाइट पूरी तरह चकनाचूर हो गए। मोड़ पर अचानक हुए इस धमाके जैसी आवाज से आसपास के लोग सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसा होते ही गुस्साए राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत ई-बस को घेर लिया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि मोड़ पर बस की गति कुछ नियंत्रित थी, जिससे चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत वाहन पर काबू पा लिया और उसे सड़क किनारे रोक दिया। यदि चालक की यह तत्परता न होती, तो नुकसान और भी ज्यादा गंभीर हो सकता था। इस सनसनीखेज घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों और ई-बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना ने एक बार फिर व्यस्त शहरी इलाकों में तेज रफ्तार वाहनों और अनियंत्रित ड्राइविंग के मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-