जबलपुर के तमरहाई क्षेत्र में बच्चों के मामूली विवाद पर चली तलवारें, परिवार पर हमले के बाद एसपी ऑफिस पहुंची महिलाएं

जबलपुर के तमरहाई क्षेत्र में बच्चों के मामूली विवाद पर चली तलवारें, परिवार पर हमले के बाद एसपी ऑफिस पहुंची महिलाएं

प्रेषित समय :19:39:13 PM / Mon, Oct 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नगर प्रतिनिधि, जबलपुर। एमपी के जबलपुर में तमरहाई स्थित राजा रसुल्ला  वाली गली में बीती रात बच्चों के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। दबंगों ने तलवार और लाठी-डंडों से लैस होकर एक ही परिवार पर कहर बरपा दिया, जिसमें कई महिला-पुरुष बुरी तरह घायल हो गए। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज पीडि़त परिवार आज सीधे एसपी ऑफिस जा धमका। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस उनकी सुनवाई करने के बजाय उन्हीं पर उल्टा मामला दर्ज कर रही है।
                                बताया गया है कि बीती रात 12 बजे के लगभग जब पूरा इलाका सो रहा था, तब संत रविदास समाज के लोगों पर राहुल, कपिल सोनकर और उनके साथियों ने अचानक धावा बोल दिया। आरोपियों ने तलवार और लाठियों से ताबड़तोड़ हमले कर खूनखराबा मचा दिया। इस खौफनाक हमले में परिवार के कई सदस्य लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। आज हाथों में दर्द और आंखों में आंसू लिए घायल महिलाएं एसपी ऑफिस पहुंचीं। उनका आरोप है कि पुलिस थाने में उनकी रिपोर्ट ठीक से दर्ज नहीं की गई। उल्टा, दूसरा पक्ष उन पर झूठी चोटें गढऩे और दबाव बनाने का घटिया खेल खेल रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने परिजनों की पूरी बात सुनी और उन्हें निष्पक्ष जांच का कड़ा आश्वासन दिया। साथ ही, आगामी त्योहारों के मद्देनजर उस संवेदनशील इलाके में पुलिस का विशेष सुरक्षा प्वाइंट तैनात करने के आदेश दिए हैं। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों में पुलिस के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-